सिंगापुर में छत्तीसगढ़ के हरित विकास और निवेश का विजन, मुख्यमंत्री साय ने उद्योग जगत को दिया साझेदारी का न्योता.

  • Admin
  • Oct 04, 2026
  • 6,937 views

Gardens by the Bay से नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को मिलेगा विशेषज्ञता का लाभ, ईको-टूरिज्म और हरित क्षेत्रों के विस्तार पर हुई अहम चर्चा

रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के विकास और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर पहुंचा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में छत्तीसगढ़ प्रतिनिधित्व कर रहा है।

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध Gardens by the Bay के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ, डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उद्यान विकास, सतत डिजाइन, शहरी हरियाली और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी गई।

नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को मिलेगी नई दिशा

बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न प्रदेश है। Gardens by the Bay की विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे बॉटनिकल गार्डन के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leadership Dinner में उद्योग जगत के सामने रखा छत्तीसगढ़ का निवेश मॉडल

मुख्यमंत्री साय SING Forum की पूर्व संध्या पर Singapore Business Federation द्वारा आयोजित Leadership Dinner में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, Singapore Business Federation के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून मौजूद रहे।

Leadership Dinner में Singapore Business Federation के सदस्यों के अलावा Mastercard, Tata Consultancy Services, Nestlé और The Indian Hotels Company Limited के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ का 7 सदस्यीय और हरियाणा का 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी आयोजन में शामिल रहा।

यह आयोजन भारतीय राज्यों और सिंगापुर के व्यावसायिक समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना।

‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में निवेशकों से मांगी भागीदारी

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, Ease of Doing Business के लिए किए गए सुधारों तथा MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक निवेश अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

5 अक्टूबर को SING Forum, 6 अक्टूबर को CEO Roundtable

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित CEO Roundtable में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

सम्बन्धित खबरें