गांधीसागर में पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा, 40.50 करोड़ की पांच ईको टूरिज्म परियोजनाओं का शिलान्यास मालासरी टापू और ग्राम कनघट्टी में विकसित होंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं टेंटिंग यूनिट, वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब और रिसॉर्ट का होगा विकास, पर्यटकों के लिए 135 नए आवासीय कमरे भी बनेंगे

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 0 views

मंदसौर, बुधवार, 18 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को मंदसौर जिले के गांधीसागर में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की निवेश संवर्धन पहल के अंतर्गत पांच ईको टूरिज्म विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर 40.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनके माध्यम से गांधीसागर क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और इसे प्रमुख ईको टूरिज्म एवं एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट आयोजित कर इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को सामने लाने का प्रयास किया है। समृद्ध जलराशि और प्राकृतिक संपदा से भरपूर यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां विकसित की जा रही टेंट सिटी और ईको टूरिज्म गतिविधियों से पर्यटन को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गांधीसागर वन्य संपदा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। चीता प्रोजेक्ट के साथ यहां अनेक प्रकार के वन्यजीव और विलुप्तप्राय गिद्धों सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री और मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने चंबल नदी के तट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती और पूजा-अर्चना की। सभी ने चंबल मैया की आराधना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और निरंतर उन्नति की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाया।

डेस्टिनेशन कैबिनेट से क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई ऊर्जा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णय इस क्षेत्र को ऐतिहासिक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। राज्य सरकार के लगभग तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और गांधीसागर डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी।

उन्होंने कहा कि जिस तरह रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने का प्रयास किया गया है, उसी क्रम में डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा और चेतना का संचार करेगी।

पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का काम तीन वर्ष में पूरा

मुख्यमंत्री ने गांधीसागर बांध और बिजली उत्पादन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद यहां बांध का निर्माण हुआ और जलराशि के आधार पर बिजली उत्पादन की बड़ी परियोजना शुरू की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने गांधीसागर की जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए नई तकनीक पर आधारित पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना तैयार की है। इससे बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ेगी और पानी की एक बूंद भी बेकार नहीं जाएगी।

परियोजना में निर्मित दो जलाशयों के बीच पानी के आवागमन से एक ही जलराशि का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना पूरे मध्यप्रदेश को लाभान्वित करेगी और देश में बिजली की उपलब्धता को मजबूत करने में भी योगदान देगी। यह तकनीक एक उत्कृष्ट उदाहरण और अध्ययन का विषय बनेगी। राज्य सरकार की संकल्प शक्ति से इस परियोजना का कार्य रिकॉर्ड तीन वर्ष में पूरा हुआ है।

नदियों और जल संरक्षण का महत्व बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है और यहां 250 से अधिक नदियां प्रवाहित होती हैं। नर्मदा मैया और चंबल नदी का अपना विशेष महत्व है। शास्त्रों में चर्मण्वती नदी का उल्लेख मिलता है, जो वर्तमान में चंबल नदी के नाम से जानी जाती है। यह क्षेत्र श्रद्धा का केंद्र है।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण राज्य सरकार के साथ प्रत्येक प्रदेशवासी की जिम्मेदारी है। हमें पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

मालासरी टापू और कनघट्टी में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं

गांधीसागर ईको टूरिज्म विकास परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र में पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मालासरी टापू पर टेंटिंग यूनिट, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और जल क्रीड़ा गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं ग्राम कनघट्टी में टेंटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स और बोट क्लब का संचालन किया जाएगा। यहां न्यूनतम 20 कमरों की क्षमता वाला आधुनिक रिसॉर्ट भी विकसित होगा। इसके अतिरिक्त गांधीसागर क्षेत्र में पर्यटकों के लिए 135 नए आवासीय कमरे तैयार किए जाएंगे।

इन पांच परियोजनाओं में लगभग 40.50 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। परियोजनाओं के पूरा होने से गांधीसागर में ईको टूरिज्म, एडवेंचर गतिविधियों और जल क्रीड़ा सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

सम्बन्धित खबरें