हेलीकॉप्टर से विद्यार्थियों ने देखा ऐतिहासिक ओरछा का अद्भुत नजारा

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 3 views

ओरछा, 19 नवंबर 2026।

मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की अनूठी पहल के तहत विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर से ओरछा की हवाई सैर कराई गई। आसमान से अपनी ऐतिहासिक नगरी की खूबसूरती देखने का अवसर पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक स्मारकों, भव्य महलों, मंदिरों और बेतवा नदी के मनमोहक दृश्यों का आनंद लिया।

मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक इलैयाराजा टी के निर्देशन और कलेक्टर जमुना भिड़े के मार्गदर्शन में पर्यटन नगरी ओरछा में विशेष हेलीकॉप्टर जॉय राइड का आयोजन किया गया। इसके तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ओरछा के छह छात्र-छात्राओं को हवाई भ्रमण कराया गया।

मुख्यमंत्री की पर्यटन संबंधी सोच को मिल रहा नया आयाम

यह पहल मुख्यमंत्री मोहन यादव की उस दूरदर्शी सोच का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को विश्व मानचित्र पर नई पहचान दिलाने और आमजन, विशेषकर युवाओं को हवाई पर्यटन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई हेली और वायु सेवाओं से पर्यटकों का सफर सुगम होने के साथ स्थानीय पर्यटन को भी नए अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री का मानना है कि नई पीढ़ी जब अपनी गौरवशाली विरासत और संस्कृति से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ेगी, तभी उनके संरक्षण और संवर्धन के प्रयास अधिक प्रभावी हो सकेंगे। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर जॉय राइड का अवसर दिया गया, ताकि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर को नए दृष्टिकोण से देख और समझ सकें।

आसमान से दिखे मंदिर, महल और बेतवा नदी

हेलीकॉप्टर में सवार विद्यार्थियों ने आसमान से ओरछा के विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों, भव्य महलों, मंदिरों, बेतवा नदी, अभयारण्य क्षेत्र और प्राकृतिक सौंदर्य का विहंगम दृश्य देखा। रामराजा मंदिर, चतुर्भुज मंदिर और लक्ष्मी मंदिर जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को आसमान से निहारना उनके लिए रोमांचक और अविस्मरणीय अनुभव रहा।

हवाई भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ओरछा को जमीन से कई बार देखा है, लेकिन आसमान से ऐतिहासिक इमारतों और प्राकृतिक सुंदरता को देखने का अनुभव बिल्कुल अलग और यादगार रहा। उन्होंने इस अनूठी पहल के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

विश्व धरोहर सप्ताह का उद्देश्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ युवा पीढ़ी में इसके प्रति जागरूकता तथा जुड़ाव बढ़ाना है। विद्यार्थियों को हवाई सैर कराने की यह पहल उन्हें विरासत, इतिहास और पर्यटन के महत्व से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रही।

सम्बन्धित खबरें