खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, 440 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 8,541 views

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों को मेहनत और समर्पण के साथ खेलने के लिए किया प्रेरित

13 से 16 अक्टूबर तक वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल की स्पर्धाएं

कवर्धा, 13 अक्टूबर 2026।

 खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के बीच कबीरधाम जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने स्वामी करपात्री जी स्टेडियम, कवर्धा में आयोजित समारोह में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान ध्वजारोहण के बाद प्रदेश के विभिन्न जोन से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर एकता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मेहनत और समर्पण से मिलती है सफलता : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पूरे उत्साह और लगन के साथ खेलना चाहिए। हार और जीत हमेशा खिलाड़ी के हाथ में नहीं होती, इसलिए परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देना जरूरी है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि दर्शक उनके शानदार खेल की प्रशंसा करें। यही खेल का वास्तविक आनंद और सच्ची खेल भावना है।

उन्होंने कहा कि मेहनत से सफलता मिलती है और सफलता से सम्मान प्राप्त होता है। जब खिलाड़ी अपने क्षेत्र में सफल होते हैं, तो दुनिया उनकी प्रतिभा को पहचानती है। सफलता का कोई अलग मंत्र नहीं है। इसके लिए पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ अपने खेल को बेहतर बनाने का प्रयास करना आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को जीत-हार से निराश होने के बजाय अपनी प्रतिभा को निखारने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश के पांचों जोन से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने बस्तर के दूरस्थ अंचलों, अबूझमाड़, सुकमा और बीजापुर से आए खिलाड़ियों से मिलकर विशेष खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब नक्सलवाद के दंश को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने और देशभर में अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने के लिए तैयार हैं।

पांचों जोन के 440 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग, जिला कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 13 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, रायपुर और दुर्ग जोन के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 220 और बालिका वर्ग की 220 खिलाड़ी शामिल हैं। इस प्रकार कुल 440 खिलाड़ी एवं अधिकारी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

वॉलीबाल, सॉफ्टबाल और हैंडबाल में दिखाएंगे प्रतिभा

प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की वॉलीबाल स्पर्धा तथा 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की सॉफ्टबाल और हैंडबाल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी अपने कौशल, खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खिलाड़ी रहे उपस्थित

शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जनपद पंचायत कवर्धा की अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, विजय पटेल, संतोष पटेल, मनीराम, लोकचंद साहू, उमंग पांडेय तथा जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें