राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट सम्पन्न, 21 अधिकारी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व मुंबई में आयोजित 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए चुनी गई विशेष टीम को दिया जाएगा सघन प्रशिक्षण वैज्ञानिक विवेचना, फिंगरप्रिंट परीक्षण, पुलिस फोटोग्राफी और फोरेंसिक तकनीकों में प्रतिभागियों ने दिखाया कौशल

  • Admin
  • Nov 17, 2026
  • 1,231 views

भोपाल, मंगलवार, 17 नवंबर 2026।

मध्यप्रदेश पुलिस की 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में प्रभावी और सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट का मंगलवार को समापन हुआ। भोपाल स्थित डायल-112 के स्टेट कमांड सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जोन, जिलों और पुलिस इकाइयों के कुल 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में चयनित 21 श्रेष्ठ अधिकारी मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं के.पी. वेंकटेश्वर राव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक विधाओं में अपनी दक्षता और तैयारी का प्रदर्शन किया।

वैज्ञानिक विवेचना की विभिन्न विधाओं में परखी गई दक्षता

दो दिवसीय प्रतियोगिता में 'साइंटिफिक एड्स टू इन्वेस्टिगेशन' श्रेणी के अंतर्गत विवेचना अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण विधाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इनमें मेडिको-लीगल ओरल परीक्षा, क्रिमिनल लॉ, फिंगरप्रिंट परीक्षण, ऑब्जर्वेशन टेस्ट, पोर्ट्रेट पार्ले, हैंडलिंग, लिफ्टिंग, पैकिंग, सीलिंग और एग्जिबिट्स को अग्रेषित करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया शामिल रही।

ये सभी विधाएं अपराधों की वास्तविक जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया से सीधे जुड़ी हैं। प्रतिभागियों ने इनका प्रदर्शन पेशेवर दक्षता के साथ किया। वहीं, पुलिस फोटोग्राफर्स ने एक्सपर्ट पुलिस फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी परीक्षा में अपनी तकनीकी समझ, साक्ष्यों के सटीक दस्तावेजीकरण और आधुनिक उपकरणों के उपयोग में निपुणता प्रदर्शित की।

वैज्ञानिक साक्ष्य और आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी विवेचना

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, क्यूडी शाखा ऋतुराज गुप्ता ने प्रतिभागियों को वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व, न्यायालय में प्रभावी प्रकरण प्रस्तुत करने, डीएनए एवं अन्य प्राथमिक साक्ष्यों के सही तरीके से संकलन तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित विवेचना ही मामलों को न्याय तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभा रही है। इस तरह के आयोजन पुलिस बल की तकनीकी दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होते हैं।

गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागियों में से 21 अधिकारियों की विशेष टीम गठित की जाएगी। यह टीम मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले टीम को सघन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें वैज्ञानिक विवेचना, तकनीकी परीक्षण, क्राइम सीन मैनेजमेंट तथा डिजिटल एवं फोरेंसिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होगा।

30 पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए

समापन समारोह में एफएसएल की संयुक्त संचालक हर्षा सिंह, पुलिस फोटो शाखा के उप पुलिस अधीक्षक अभिताभ तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतियोगिता के 10 इवेंट में प्रत्येक श्रेणी के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कुल 30 पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए।

अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी मध्यप्रदेश पुलिस की टीम अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी और अनेक पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएगी।

सम्बन्धित खबरें