दीपावली के बाद बांधवगढ़ में पर्यटकों की बढ़ी रौनक, सात दिन में 7,692 लोगों ने की जंगल सफारी भारतीय पर्यटकों के साथ विदेशी सैलानियों में भी दिखा उत्साह, कोर क्षेत्र में 4,811 और बफर क्षेत्र में 2,881 पर्यटकों ने किया भ्रमण ताला और मगधी जोन रहे पसंदीदा, पर्यटन से स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को मिल रहा बढ़ावा

  • Admin
  • Nov 17, 2026
  • 1,098 views

भोपाल, मंगलवार, 17 नवंबर 2026।

दीपावली के बाद मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर इस राष्ट्रीय उद्यान में 9 से 15 नवंबर के बीच कुल 7,692 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान 1,513 से अधिक सफारी वाहनों के माध्यम से सैलानियों ने जंगल की सैर की। पर्यटकों में 7,006 भारतीय और 686 विदेशी नागरिक शामिल रहे। यह आंकड़ा बांधवगढ़ की देश-विदेश में बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

12 नवंबर को सबसे अधिक पर्यटकों ने की सफारी

सप्ताहभर बांधवगढ़ में पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी रही। 12 नवंबर को सबसे अधिक 1,276 पर्यटकों ने जंगल सफारी की, जबकि 10 नवंबर को 1,268 पर्यटक यहां पहुंचे।

इस बार पर्यटकों ने कोर क्षेत्र के साथ-साथ बफर क्षेत्रों में भी खास रुचि दिखाई। निर्धारित अवधि में कोर क्षेत्र में 4,811 और बफर क्षेत्र में 2,881 पर्यटकों ने सफारी का आनंद लिया। ताला और मगधी जोन पर्यटकों के पसंदीदा क्षेत्र रहे। विदेशी सैलानियों में भी मगधी जोन का विशेष आकर्षण देखने को मिला, जहां 235 विदेशी पर्यटकों ने भ्रमण किया।

पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल रहा संबल

बांधवगढ़ में पर्यटकों की बढ़ती संख्या वन्यजीव पर्यटन के विस्तार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी उत्साहजनक है। पर्यटकों की आवाजाही से स्थानीय गाइड, सफारी वाहन चालक, होटल, रिसॉर्ट और होम-स्टे संचालकों को लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

बफर क्षेत्रों में बढ़ती पर्यटक गतिविधियां इन इलाकों की पर्यटन संभावनाओं को भी नई पहचान दे रही हैं। इससे आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।

पर्यटकों से वन्यजीवों और जंगल की सुरक्षा में सहयोग की अपील

टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पर्यटकों की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता जताते हुए इसे बेहतर वन्यजीव प्रबंधन, सुव्यवस्थित सफारी व्यवस्था और स्थानीय समुदायों के सहयोग का परिणाम बताया है।

प्रबंधन ने पर्यटकों से जंगल भ्रमण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने, वन्यजीवों को परेशान नहीं करने और तय मार्गों पर ही सफारी करने की अपील की है। साथ ही जंगल में प्लास्टिक और अन्य प्रकार का कचरा नहीं फैलाने का आग्रह किया है, ताकि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।

सम्बन्धित खबरें