दूध नदी पर पुल और पहुंच मार्ग के लिए 16.14 करोड़ रुपये मंजूर, समय-सीमा और गुणवत्ता पर सख्ती

  • Admin
  • Sep 24, 2026
  • 2,635 views

कोदाभाठ-माटवाड़ा मोदी मार्ग पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल

दूध नदी पर पुल और पहुंच मार्ग के लिए 16.14 करोड़ रुपये मंजूर, समय-सीमा और गुणवत्ता पर सख्ती

 iii

कांकेर , 24 सितम्बर 2026। 

कांकेर जिले के कोदाभाठ-माटवाड़ा मोदी मार्ग पर दूध नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। राज्य शासन ने इसके लिए 16 करोड़ 14 लाख 71 हजार रुपये की राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से राशि स्वीकृति का पत्र प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया गया है।

लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य को निर्माण एजेंसी के साथ अनुबंधित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्य पूर्ण करने के लिए अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर माने गए कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।

निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों के साथ-साथ संपूर्ण निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निविदा से लेकर निर्माण तक मितव्ययिता के निर्देश

राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के प्राक्कलन और कार्य के संपादन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने निर्माण कार्य की समयबद्धता, गुणवत्ता और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्य संपादन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

सम्बन्धित खबरें