भंडारपुरी धाम में 28.96 करोड़ के सड़क कार्यों का भूमिपूजन, 40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम

  • Admin
  • Oct 21, 2026
  • 5,652 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में हुए शामिल, चार विकास कार्यों के लिए 2.90 करोड़ रुपये से अधिक की घोषणाएं

सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और चहुंमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

आरंग, 21 अक्टूबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ की आस्था के प्रमुख केंद्र भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर नमन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार विकास कार्यों के लिए राशि देने और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह संपूर्ण मानव समाज के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा। उनका अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की पावन कर्मभूमि भंडारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला आस्था, सामाजिक एकता और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा का जीवंत प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य, करुणा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास की यात्रा में कोई भी समाज, वर्ग अथवा क्षेत्र पीछे न रहे। इसी भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

सतनामी समाज के युवाओं के लिए कोचिंग सीटें 100 से बढ़ाकर 200

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सतनामी समाज की शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। इससे अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल सकेगा।

उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को आत्मसात करने, सामाजिक सद्भाव एवं समरसता को मजबूत बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

लगभग 29 करोड़ रुपये के तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने भंडारपुरी धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

इनमें प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं—

  • मोहंदी-अड़सेना मार्ग: 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण।
  • नरदहा में आंतरिक सड़क: 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण।
  • छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग: 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर लंबे मार्ग का डामर नवीनीकरण।

इन सड़क कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा।

चार विकास कार्यों की घोषणा, 40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। इनमें शामिल हैं—

  • ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये।
  • नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये।
  • नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये।
  • चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नवीन भवन निर्माण के लिए 85 लाख रुपये।

इन चारों कार्यों के लिए घोषित राशि कुल 2 करोड़ 90 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।

सतनामी समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : गुरु खुशवंत साहेब

तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। समाज की ओर से विकास से जुड़ी जो मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं, उन्हें उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पूरा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में समाज का चहुंमुखी विकास आगे भी जारी रहेगा।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भंडारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सीटों की संख्या बढ़ाकर 200 किए जाने से समाज के अधिक युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने समानता का संदेश देकर समाज को सत्य, सद्भाव और मानवता की राह दिखाई। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा गुरु घासीदास के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सतनामी समाज के संतगण एवं पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें