29 करोड़ की सड़कें, 40 जगह जैतखाम; भंडारपुरी से सीएम साय ने की चार विकास कार्यों की घोषणा

  • Admin
  • Oct 21, 2026
  • 14,340 views

सतनामी समाज के युवाओं के लिए दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग सीटें 100 से बढ़ाकर 200

 स्कूल भवन, प्राथमिक शाला और नगर पंचायत कार्यालय के लिए भी राशि मंजूर करने का ऐलान


भंडारपुरी, 21 अक्टूबर 2026। बाबा गुरु घासीदास के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश को सामाजिक समरसता और विकास का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भंडारपुरी धाम से सड़क, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लगभग 28.97 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार निर्माण कार्यों के लिए कुल 2.90 करोड़ रुपये देने और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलते हुए सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री साय भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में हुए शामिल
तीन सड़क परियोजनाओं पर खर्च होंगे 28.97 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये से मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये से नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण तथा 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और गांवों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
स्कूल भवन और नगर पंचायत कार्यालय के लिए 2.90 करोड़
मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपये, आरंग नगर पंचायत के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाएंगे। इन चारों कार्यों की कुल घोषित राशि 2.90 करोड़ रुपये है।

मुख्यमंत्री श्री साय भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में हुए शामिल
40 स्थानों पर स्थापित होंगे लकड़ी के जैतखाम
साय ने अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की। भंडारपुरी धाम में गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुगद्दी आसन के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने भंडारपुरी को सतनाम पंथ की आस्था और छत्तीसगढ़ की सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
दिल्ली में कोचिंग की सीटें 100 से बढ़ाकर 200
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश सामाजिक समरसता का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है। ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास की यात्रा में कोई समाज, वर्ग या क्षेत्र पीछे न छूटे।
साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और धर्मगुरु बालदास ने भी किया संबोधित
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज के विकास से जुड़ी मांगों पर संवेदनशीलता से काम हुआ है। उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन और दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग सीटें बढ़ाए जाने को समाज के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने लोगों से बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सत्य, सद्भाव तथा मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें