एनआईबीएसएम में रिफॉर्म उत्सव और हिंदी पखवाड़े का समापन, विजेताओं को मिले पुरस्कार.

  • Admin
  • Oct 02, 2026
  • 5,497 views

हिंदी कार्यशाला में कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रभावी प्रयोग पर हुई चर्चा

रायपुर, 2 अक्टूबर 2026।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर में रिफॉर्म उत्सव एवं राजभाषा हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का समापन समारोह उत्साहपूर्वक हुआ। इस अवसर पर हिंदी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के अधिकारियों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. राजेश दुबे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राजभाषा हिंदी की महत्ता, कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग तथा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं पर प्रकाश डाला।

प्रो. दुबे ने कहा कि संस्थान द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ती है और कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रयोग को भी प्रोत्साहन मिलता है।

“हिंदी जनसामान्य से संस्थानों को जोड़ने का सशक्त माध्यम”

संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि जनसामान्य से संस्थानों को जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक हिंदी का प्रयोग करने तथा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार

इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी प्रांशु राठौर ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा भी की।

प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को निदेशक डॉ. पी. के. राय ने प्रमाण-पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में संस्थान के संयुक्त निदेशक, वैज्ञानिक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।

सम्बन्धित खबरें