वन्यजीव संरक्षण के संदेश से गूंजा अरण्य भवन, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित

  • Admin
  • Oct 09, 2026
  • 4,329 views

शॉर्ट फिल्म और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत, प्रकृति भ्रमण से लेकर सीड बॉल निर्माण तक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

नवा रायपुर, 09 अक्टूबर 2026।

वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने वाली युवा प्रतिभाओं को गुरुवार को नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में सम्मानित किया गया। वन्यजीव सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में कला, रचनात्मकता और ज्ञान आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण का संदेश दिया।

‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ रही थीम

वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा रायपुर वनमंडल द्वारा कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया गया। ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ थीम पर आयोजित इस सप्ताह में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति, वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण का महत्व समझा।

समापन समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रचनात्मक गतिविधियों से समझा वन्यजीव संरक्षण का महत्व

वन्यजीव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई रचनात्मक और प्रकृति आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कागज की आकृतियां और घोंसलों के प्रतिरूप बनाना, बीजगोलक (सीड बॉल) निर्माण, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।

इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की अहमियत, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर मिला।

शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में देवेश मिंज प्रथम

शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिद्धांत नागपुरे द्वितीय और वर्षा साहू तृतीय स्थान पर रहे।

निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू ने प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उपरवारा की शैल्या साहू द्वितीय और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास तृतीय स्थान पर रहे।

इसके अलावा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों ने समझी पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका

वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं और प्रकृति आधारित गतिविधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने तथा जैव विविधता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर दिया। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाना रहा।

सम्बन्धित खबरें