होमगार्ड, फायर और SDRF जवानों को मिलेगा बीमा से बैंकिंग तक विशेष लाभ

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 1,351 views

नगर सेना, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं एवं SDRF और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच हुआ MOU, कम आय वर्ग के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों को मिलेगी वित्तीय सुरक्षा

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026।

छत्तीसगढ़ के होमगार्ड, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा एसडीआरएफ (SDRF) से जुड़े कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के लिए बैंकिंग और बीमा सुरक्षा को मजबूत करने की पहल की गई है। नगर सेना, अग्निशमन, आपातकालीन सेवाएं एवं SDRF छत्तीसगढ़ और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच 6 अक्टूबर 2026 को एमओयू (MOU) संपादित किया गया।

इस समझौते के तहत विभाग के ऐसे निम्न आय वर्ग के स्वयंसेवकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न वित्तीय और बीमा सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिन्हें 10 हजार से 50 हजार रुपए के बीच वेतन या मानदेय प्राप्त होता है।

लाभ लेने वाले कर्मचारी और स्वयंसेवक बैंक ऑफ बड़ौदा की अपनी संबंधित जिला शाखा में वेतन खाता खुलवा सकते हैं। सभी इकाई प्रमुखों को बैंक से समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जीवन और दुर्घटना बीमा का मिलेगा सुरक्षा कवच

एमओयू के तहत होमगार्ड, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज तथा एसडीआरएफ के कर्मचारियों और जवानों को विभिन्न बीमा सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें:

  • 1 लाख रुपए तक का जीवन बीमा कवर
  • 40 लाख रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा
  • 40 लाख रुपए तक का हवाई दुर्घटना बीमा कवर
  • ड्यूटी के दौरान मूल व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (PAI) पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त कवर, अधिकतम 10 लाख रुपए तक
  • पूर्ण/स्थायी विकलांगता की स्थिति में 40 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता
  • आंशिक विकलांगता की स्थिति में 30 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता

शामिल हैं।

बेटियों की शादी और बच्चों की शिक्षा में भी सहायता

योजना में कर्मचारियों और जवानों के परिवारों को भी लाभ दिया गया है। पुत्री के विवाह के लिए 4 लाख रुपए तक की सहायता तथा बच्चों की शिक्षा के लिए 4 लाख रुपए तक का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जीरो बैलेंस खाते के साथ कई बैंकिंग सुविधाएं मुफ्त

विशेष वेतन खाते के तहत कर्मचारियों और जवानों को जीरो बैलेंस और तिमाही औसत शेष (QAB) की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही लाइफटाइम फ्री रुपे प्लेटिनम डेबिट कार्ड और सिलेक्ट वेरिएंट का मुफ्त क्रेडिट कार्ड भी प्रदान किया जाएगा।

परिवार के लिए 4 खातों तक तथा जीवनसाथी के खाते के लिए जीरो बैलेंस के साथ मुफ्त रुपे डेबिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध होगी।

इसके अलावा मुफ्त चेकबुक, डिमांड ड्राफ्ट (DD), आरटीजीएस (RTGS), नेफ्ट (NEFT) तथा एटीएम के असीमित और नि:शुल्क उपयोग जैसी बैंकिंग सुविधाएं भी योजना में शामिल हैं।

जवानों और उनके परिवारों को मिलेगी आर्थिक मजबूती

बैंक ऑफ बड़ौदा की इस पहल से राज्य की सुरक्षा, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं में जिम्मेदारी निभा रहे होमगार्ड, फायर एवं एसडीआरएफ के कर्मचारियों और जवानों को वित्तीय सुरक्षा के साथ कई बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा और आवश्यक वित्तीय सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलने की उम्मीद है।

सम्बन्धित खबरें