जल जीवन मिशन से नूनदरहा में बदली तस्वीर, घर-घर पहुंचा नल से पानी

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 7,907 views

पानी लाने की मशक्कत से मिली राहत, महिलाओं का समय और श्रम बचने से आसान हुए रोजमर्रा के काम

रायगढ़, 27 अक्टूबर 2026। 

जल जीवन मिशन के तहत घरों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों की दिनचर्या आसान हो रही है। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड के वनांचल ग्राम नूनदरहा में नल जल प्रदाय योजना ने वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने में मदद की है। पहले पानी जुटाने के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब घर पर ही पानी उपलब्ध होने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को राहत मिली है।

पानी के इंतजाम में लगने वाला समय और श्रम बचा

ग्राम नूनदरहा में योजना शुरू होने से पहले घर के पास पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाना पड़ता था। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता था। गर्मी के दिनों में पारंपरिक जल स्रोतों में पानी कम होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती थी।

गांव की शांति चौहान भी लंबे समय तक इस समस्या से जूझती रहीं। घर तक नल से पानी पहुंचने के बाद अब उन्हें पानी लाने के लिए पहले की तरह दूर नहीं जाना पड़ता। इससे उनके दैनिक कामकाज में आसानी हुई है और परिवार को भी राहत मिली है।

घर पर पेयजल उपलब्ध होने से खाना बनाने, बर्तन साफ करने और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे रोजमर्रा के कार्यों के लिए पानी जुटाना आसान हुआ है। महिलाओं का समय और श्रम बचने से उन्हें अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी सुविधा मिल रही है।

331 परिवारों को मिल रही नल जल योजना की सुविधा

तमनार विकासखंड का ग्राम नूनदरहा जिला मुख्यालय रायगढ़ से लगभग 47 किलोमीटर दूर स्थित है। गांव में कुल 331 परिवार निवास करते हैं और यहां की आबादी 1,281 है। जल जीवन मिशन के तहत नल जल प्रदाय व्यवस्था से इन परिवारों तक घर पर पेयजल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर नल के माध्यम से पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें पानी जुटाने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। नूनदरहा में योजना से मिली सुविधा ग्रामीणों के दैनिक जीवन को सरल बनाने और महिलाओं के समय व श्रम की बचत में सहायक बन रही है।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।