मजराटोला योजना से तुमड़ादाह के 15 घरों में पहुंची बिजली, ग्रामीणों को मिली राहत

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 4,593 views

वर्षों का इंतजार खत्म, अब बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज में होगी सहूलियत

खैरागढ़, 27 अक्टूबर 2026। 

छत्तीसगढ़ शासन की मजराटोला योजना के तहत खैरागढ़ जिले के दूरस्थ ग्राम तुमड़ादाह में ग्रिड कनेक्टिविटी के माध्यम से विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इससे गांव के 15 विद्युत कनेक्शनों के जरिए घरों में रोशनी पहुंची है। लंबे समय से बिजली सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों में इसे लेकर खुशी का माहौल है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के खैरागढ़ संभाग द्वारा किए गए इस कार्य से ग्रामीण परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज में सुविधा मिलेगी। बिजली उपलब्ध होने से बच्चों को शाम और रात में पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके साथ ही घरेलू कार्यों और अन्य गतिविधियों में भी सहूलियत होगी। दूरस्थ बसाहटों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरा हुआ कार्य

ग्राम तुमड़ादाह में विद्युत आपूर्ति शुरू कराने के कार्य में जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, राजनांदगांव के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मैत्राम और अधीक्षण अभियंता राकेश कंवर का मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश रहा। अधिकारियों के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सुविधाओं के विस्तार और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी गई।

खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक कुमार दुबे ने भी कार्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सक्रिय पहल, सतत निगरानी और कार्य शीघ्र पूरा कराने के प्रयासों से गांव तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा हुआ। विभागीय अमले ने आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य हासिल किया।

ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा

ग्राम तुमड़ादाह में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को वर्षों से चली आ रही असुविधाओं से राहत मिली है। विद्युत सुविधा से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और सामाजिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार और क्षेत्र के विकास की नई संभावनाएं भी विकसित होंगी।

सीएसपीडीसीएल का खैरागढ़ संभाग मजराटोला योजना के तहत विद्युत सुविधा से वंचित ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। विभाग के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए दूरस्थ बसाहटों में विद्युत सुविधाओं का विस्तार जारी रखा जाएगा।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।