धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में करें निराकरण

  • Admin
  • Nov 24, 2026
  • 6 views

नियाद नेल्लानार 2.0 पोर्टल पर योजनाओं और हितग्राहियों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश

खैरागढ़, 24 नवंबर 2026।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारी किसानों से सीधे संवाद करें और टोकन प्राप्त करने से लेकर धान की तौल तक किसी भी स्तर पर आने वाली समस्याओं का संबंधित विभागों के समन्वय से समय पर समाधान सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने सहकारिता, खाद्य और विपणन विभाग के अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता बनाए रखने तथा टोकन जारी करने और धान की तौल की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण की नियमित निगरानी करने को कहा।

कस्टम मिलिंग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी और जिला खाद्य अधिकारी को राइस मिलों से चावल जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से लंबित शिकायतों के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नियाद नेल्लानार पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि के निर्देश

नियाद नेल्लानार 2.0 की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को शासन की प्रमुख योजनाओं और उनसे लाभान्वित हितग्राहियों का अद्यतन विवरण पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। उन्होंने योजनावार जानकारी का मिलान कर शेष प्रविष्टियां जल्द पूरी करने और पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें