कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेगा शेड, पेवर कार्य के भी निर्देश

  • Admin
  • Nov 24, 2026
  • 6 views

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, मंदिर समिति और समाज प्रमुखों के साथ विकास कार्यों पर की चर्चा

धमतरी, 24 नवंबर 2026।

जिले के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था के केंद्रों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान ग्राम कुम्हड़ा स्थित प्रसिद्ध कुम्हड़ाईन दाई मंदिर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान कलेक्टर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों के साथ बैठक कर मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक आयोजनों के बेहतर प्रबंधन पर चर्चा की। समिति के सदस्यों ने बताया कि कुम्हड़ाईन दाई मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां प्रतिवर्ष दो बार मेले का आयोजन होता है, जिसमें धमतरी सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के दौरान मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।

समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में शेड निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि शेड बनने से धार्मिक आयोजनों, भंडारे और अन्य सामूहिक गतिविधियों के दौरान श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाव के साथ बैठने की सुविधा मिलेगी।

कलेक्टर ने समिति के सुझावों पर सकारात्मक पहल करते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण और पेवर कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलती है। साथ ही स्थानीय धार्मिक परंपराओं और आयोजनों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

प्रस्तावित निर्माण कार्यों से मंदिर परिसर अधिक सुव्यवस्थित होगा और मेले सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, एसडीएम नगरी मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें