2.20 करोड़ का ईनामी नक्सली कमांडर असीम मंडल उर्फ आकाश गिरफ्तार

  • Admin
  • Sep 18, 2026
  • 7,640 views

कोलकाता।

नक्सली गतिविधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गुरुवार तड़के पूर्व मेदिनीपुर जिले में छापेमारी कर प्रतिबंधित माओवादी संगठन के एक बड़े नेता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए माओवादी कमांडर की पहचान 64 वर्षीय असीम मंडल उर्फ आकाश के रूप में हुई है। वह माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।

गुप्त सूचना के आधार पर STF की टीम ने पूर्व मेदिनीपुर के लालाट इलाके में छापा मारकर असीम मंडल को गिरफ्तार किया। वह पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के जंगलों में सुरक्षा एजेंसियों से बचता रहा था। असीम मंडल की गिरफ्तारी की जानकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने एक्स हैंडल के जरिए दी। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में माओवादी हिंसा या ‘रेड टेरर’ के किसी भी तरह के विस्तार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार ने बड़ा इनाम घोषित कर रखा था। जानकारी के अनुसार, झारखंड सरकार ने उसके ऊपर एक करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने एक करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके सिर पर कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम था।

असीम मंडल के खिलाफ पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में करीब 55 मामले दर्ज हैं। लंबे समय तक वह तीनों राज्यों में माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

 


 

सम्बन्धित खबरें