जनजातीय गौरव दिवस पर छग में 15 नवंबर को जनजातीय शौर्य और अस्मिता का महाकुंभ

  • Admin
  • Nov 11, 2026
  • 4,569 views

 

11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में मनेगा जनजातीय गौरव सप्ताह

 स्कूल-कॉलेजों में गूंजेंगी बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर की शौर्यगाथाएं सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगेगी

 

रायपुर | 11 नवंबर 2026

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर छत्तीसगढ़ जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के योगदान का गौरवगान करेगा। 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा। इसके साथ ही 11 से 18 नवंबर तक पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और शौर्य की गाथाएं सुनाई जाएंगी। वहीं, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय समाज के विकास के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जाएगी।

धरमजयगढ़ में सजेगी विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी

राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जनजातीय हितग्राहियों के लिए संचालित गतिविधियों को प्रदर्शित करने विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग के सचिव की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि एवं संबद्ध विभाग, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित संबंधित विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करेंगे।

प्रदर्शनी में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी और जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे कार्यों की तस्वीर सामने आएगी।

नई पीढ़ी को बताएंगे जनजातीय नायकों का इतिहास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दे रही है। इसका उद्देश्य उन जनजातीय महानायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम को जन-जन तक पहुंचाना है, जिन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और सामाजिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय वीरों ने औपनिवेशिक शासन, अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई ऊर्जा दी। छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और अन्य जनजातीय नायकों की संघर्षगाथाएं आज भी स्वाभिमान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती हैं।

जनजातीय गौरव दिवस केवल स्मृति दिवस नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के उन अध्यायों को राष्ट्रीय चेतना में स्थापित करने का अवसर है, जिनमें जनजातीय नायकों के साहस, नेतृत्व और बलिदान की अमिट छाप दर्ज है।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक आयोजन

जनजातीय गौरव सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रदेश के शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इनका विषय जनजातीय महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनजातीय इतिहास, लोकसंस्कृति और परंपरागत ज्ञान पर आधारित होगा।

विशेष रूप से माध्यमिक स्तर और उससे ऊपर के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसका मकसद विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर जनजातीय समाज की जीवनशैली, प्रकृति के साथ उसके गहरे संबंध, सामुदायिक परंपराओं, लोककला और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना है। इसके लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित साहित्य के संकलन और वितरण के निर्देश भी दिए गए हैं।

बस्तर से सरगुजा तक की विरासत को मिलेगी पहचान

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोकनृत्यों, लोकगीतों, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की जीवनदृष्टि के लिए देशभर में अलग पहचान रखती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस विरासत के संरक्षण, संवर्धन और अगली पीढ़ी तक हस्तांतरण का संदेश दिया जाएगा।

प्रचार-प्रसार और दस्तावेजीकरण के निर्देश

राज्य शासन ने आयोजन को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों का आकर्षक प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों में होने वाली गतिविधियों का सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही कार्यक्रमों के प्रतिवेदन और छायाचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जनजातीय गौरव दिवस और गौरव सप्ताह का उद्देश्य केवल जनजातीय वीरों के बलिदान को याद करना नहीं, बल्कि उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर समावेशी विकास, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की भागीदारी को मजबूत करना भी है। जनजातीय समाज का इतिहास भारत की सभ्यता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रनिर्माण की अमूल्य विरासत है। इसका सम्मान और संरक्षण विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

सम्बन्धित खबरें