12 लाख करोड़ का निवेश जमीन पर उतरा, विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री मोहन यादव

  • Admin
  • Nov 01, 2026
  • 3,299 views

भोपाल, 1 नवंबर 2026।

 

 मध्यप्रदेश उद्योग, रोजगार, कृषि, दुग्ध उत्पादन, पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 12 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। आने वाले समय में विकास की इस गति को और विस्तार दिया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह के शुभारंभ पर कही।

मुख्यमंत्री ने मंगलदीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वस्ति वाचन हुआ। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और समारोह में शामिल कलाकारों का स्वागत किया। कार्यक्रम में पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कृषि विकास दर 24 प्रतिशत से अधिक, किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक चेतना और समर्पण की परंपरा प्रदेश की पहचान है। मध्यप्रदेश का गठन किसी एक व्यक्ति के विचार या किसी विशेष कालखंड का परिणाम नहीं, बल्कि यहां की परिश्रमी संस्कृति और संस्कारवान जनमानस का प्रतिफल है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष के रूप में मनाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए गए। वहीं वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से कृषि क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों को 490 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश की कृषि विकास दर 24 प्रतिशत से अधिक है। किसानों से विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण किए जाने पर उन्हें चार गुना राशि देने का निर्णय लिया गया है। सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान से पहले स्थान पर पहुंचेगा। पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है।

15 जनवरी को भोपाल में होगा सेना दिवस का आयोजन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि युवा वर्ष के पहले ही महीने में 15 जनवरी को भोपाल सेना दिवस की आकर्षक गतिविधियों का साक्षी बनेगा। इस गरिमामय आयोजन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि देश की सेना के जवान दिन-रात राष्ट्र की रक्षा में जुटे रहते हैं। उनकी सतर्कता और समर्पण के कारण ही देश का लोकतंत्र सुरक्षित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना का मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है। भोपाल के शौर्य स्मारक में स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत के बाद सेना दिवस का आयोजन राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी की सौगातों से प्रदेश में बढ़ रहा निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पौने तीन वर्षों में मध्यप्रदेश के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिली है।

इनमें धार जिले में पीएम मित्र पार्क, बीना रिफाइनरी की विस्तार परियोजना, केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल अंतर्राज्यीय नदी जोड़ो परियोजनाएं तथा मोहासा-बाबई रिन्यूएबल एनर्जी एंड पावर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन की स्वीकृति प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिल रहा है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड मैदान में पहुंचकर प्रदेश की उपलब्धियों पर आधारित विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य आतिशबाजी भी की गई।

102 मेधावी विद्यार्थियों को मिले एक-एक लाख रुपये

स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं क्विज विजेताओं को सम्मानित किया।

भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के अंतर्गत प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

वहीं किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर पुरस्कार स्वरूप दिए गए।

भोपाल जिले में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के प्रथम विजेता संदीप वर्मा, द्वितीय विजेता सुहानी राजपूत और तृतीय विजेता समीर गौड़के को सम्मानित किया गया। भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के अंतर्गत भोपाल की अक्षरा गोस्वामी (शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज) और प्रीतम मांडलेकर (सरदार वल्लभभाई पॉलिटेक्निक) को भी पुरस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि इस क्विज में पूरे प्रदेश से कुल 165 विजेताओं का चयन किया गया है।

मोनाली ठाकुर के गीतों ने बांधा समां

राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर और उनकी टीम की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उनकी प्रस्तुतियों में 'सवार लूं' (लुटेरा), 'मोह-मोह के धागे' (दम लगा के हईशा), 'जरा-जरा टच मी', 'ख्वाब देखे' (रेस), 'छम-छम' (बागी) और 'बद्री की दुल्हनिया' जैसे लोकप्रिय गीत शामिल रहे। संगीत और उत्साह से भरी इस शाम ने स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

दूसरे दिन लोक एवं जनजातीय नृत्यों की होंगी प्रस्तुतियां

तीन दिवसीय 71वें स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन 2 नवंबर 2026 को शाम 6:30 बजे मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोक एवं जनजातीय नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद वाद्ययंत्रों पर केंद्रित 'ब्रीदिंग फिएस्टा' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

वहीं दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक विकास प्रदर्शनियां आम नागरिकों के लिए खुली रहेंगी।

इनमें कृषि प्रदर्शनी के माध्यम से उन्नत बीज, जैविक इनपुट, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक, एग्री स्टार्टअप और कृषि नवाचारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। 'मध्यप्रदेश में विरासत से विकास', 'जन-कल्याण एवं विकास' और 'राजा भोज का भोपाल' प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत और विकास उपलब्धियों को दर्शाया जा रहा है।

इसके अलावा 'स्वाद-देशज व्यंजन मेला' में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप में स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

राजा भोज के 160 वॉटर कलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी

लाल परेड ग्राउंड में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की ओर से 'राजा भोज का भोपाल' विषय पर तैयार किए गए 160 वॉटर कलर चित्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसके साथ ही उन्नत कृषि तकनीकों और जैविक खेती पर केंद्रित राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई।

मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत 'देशराग' के अंतर्गत 71 बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन से हुई। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी और नयनाभिराम आतिशबाजी ने समारोह की भव्यता बढ़ाई।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भोपाल के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला और मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार श्रीराम तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और स्वाद-देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन कर उनका अवलोकन भी किया।

सम्बन्धित खबरें