दीपावली से पहले नरेला में स्वच्छता की मुहिम तेज, पांच दिन तक चलेंगे विशेष सफाई अभियान

  • Admin
  • Nov 01, 2026
  • 4,562 views

भोपाल, 1 नवंबर 2026।

 दीपावली के त्योहार से पहले भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए पांच दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। रविवार को सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं नरेला विधायक विश्वास कैलाश सारंग ने स्वयं श्रमदान कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

यह विशेष अभियान 1 से 5 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य दीपावली से पहले पूरे क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।

रोजाना एक हजार सफाई मित्र संभालेंगे मोर्चा

मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि अभियान के तहत प्रतिदिन लगभग 1000 सफाई मित्र विभिन्न वार्डों में सफाई कार्य करेंगे। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों की व्यापक सफाई के लिए आधुनिक मशीनों और संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।

अभियान में रोड स्वीपिंग मशीन, फॉगिंग मशीन, डंपर, जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद ली जाएगी। इन संसाधनों के माध्यम से क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।

सफाई मित्रों की मेहनत को सराहा

मंत्री सारंग ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयासों से भोपाल शहर और नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था बनी हुई है। सफाई मित्र प्रतिदिन पूरी निष्ठा के साथ शहर को साफ-सुथरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों के दौरान उनका योगदान और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान करना और उनका उत्साह बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। दीपावली से पहले पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।

नागरिकों से भी मांगा सहयोग

मंत्री ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सड़कों पर कचरा न फेंकें और नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने नागरिकों से दीपावली पर अपने घर और आंगन के साथ आसपास के परिवेश को भी स्वच्छ एवं सुंदर रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। जनसहयोग और सामूहिक भागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित भोपाल का निर्माण संभव है।

सम्बन्धित खबरें