NCDC की 93वीं महापरिषद बैठक में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी हुए शामिल

  • Admin
  • Nov 02, 2026
  • 2,785 views

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई बैठक, सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

रायपुर, 2 नवंबर 2026।

‘सहकार से समृद्धि’ की परिकल्पना को साकार करने और देश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) की महापरिषद की 93वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।

पांच वर्षों में NCDC ने हासिल की नई उपलब्धियां

बैठक में मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने सहकारिता क्षेत्र में हुए बदलावों और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम की प्रगति पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1963 में स्थापित NCDC ने पिछले पांच वर्षों में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उल्लेखनीय प्रगति की है और सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।

द्विवेदी ने छत्तीसगढ़ में सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और प्रयासों को भी बैठक में रेखांकित किया।

सहकारी संस्थाओं की वित्तीय और ढांचागत क्षमता बढ़ाने पर जोर

बैठक में ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को मजबूत करने और सहकारी संस्थाओं की वित्तीय एवं ढांचागत क्षमता बढ़ाने पर चर्चा हुई। देशभर से सहकारी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।

बैठक में हुई चर्चा को सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया। इससे छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सहकारी ढांचे को मजबूत करने और किसानों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहकारिता से जोड़ने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।

सम्बन्धित खबरें