छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से प्रदेश की प्रतिभाओं को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान: मुख्यमंत्री साय

  • Admin
  • Nov 01, 2026
  • 6,421 views

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने किया पुरस्कार वितरण, छह टीमों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से गांवों और जनजातीय अंचलों के खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ के संदेश के साथ बस्तर से सरगुजा तक की प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच

रायपुर, 1 नवंबर 2026।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी। गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस लीग ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर दिया है।

छह टीमों ने मिलकर बनाया खेल का उत्सव

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को खेल के माध्यम से एक सूत्र में जोड़ने का काम किया है। प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया।

इस आयोजन में बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक-दूसरे के साथ खेलने, अनुभव साझा करने और अपनी खेल क्षमता निखारने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं प्रदेश में सकारात्मक खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करती हैं।

हर टीम में ओलंपिक खिलाड़ी की भागीदारी रही खास

मुख्यमंत्री ने कहा कि लीग की प्रमुख विशेषता प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता रही। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने और हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।

ऐसे आयोजन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस लीग से भविष्य में ऐसे खिलाड़ी सामने आएंगे, जो भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेंगे।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ से युवाओं को मिला संदेश

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ प्रदेश के युवाओं को खेल के मैदान से जोड़ने की प्रेरणा बना। प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया, जिससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर मिला।

हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री की व्यवस्था ने आयोजन को स्थानीय संस्कृति से भी जोड़ा। इससे दर्शकों को हॉकी के रोमांच के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास का अनुभव मिला।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से निखरेगी ग्रामीण प्रतिभा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें प्रोत्साहित करने और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है।

इस मिशन के माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, छहों टीमों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई दी।

देश के लिए गौरव है हॉकी: केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सराहना करते हुए कहा कि इसका आयोजन पूरे देश के लिए एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से ऐसे आयोजन संभव होते हैं। इससे खेलों के विकास के साथ अच्छे खिलाड़ियों को तैयार करने में भी मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की समृद्ध खेल परंपरा और राष्ट्रीय गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल कौशल से विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई। उनकी उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ी है। आज युवा खेलों को केवल मनोरंजन या शारीरिक दक्षता तक सीमित नहीं मानते, बल्कि इसे अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य बनाने के अवसर के रूप में भी देख रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का दायरा और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर बढ़ेगा। यह लीग प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी और राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की पहचान को मजबूत करेगी।

जनप्रतिनिधियों और हॉकी दिग्गज की रही मौजूदगी

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें