पत्रकार पंकज शर्मा की स्मृति को स्थायी पहचान देने की पहल, रायपुर में प्रतिमा का अनावरण

  • Admin
  • Oct 06, 2026
  • 12,355 views

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में उनकी प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। इस मौके पर पंकज शर्मा के पत्रकारिता जीवन, उनकी लेखनी और योगदान को याद करते हुए उनकी स्मृति को संस्थागत रूप से संरक्षित करने की दिशा में कई प्रस्ताव भी सामने आए।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी तथा अखंड ब्राह्मण समाज से ज्ञानेश शर्मा सहित पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समारोह के दौरान स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और उनकी पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश में किए गए कार्यों, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को सामने रखा गया। डॉक्यूमेंट्री ने उपस्थित लोगों को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से भावनात्मक रूप से जोड़ा।

पत्रकारिता को पेशा नहीं, जिम्मेदारी और मिशन मानकर जिया

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में जिया। सीमित जीवनकाल में उन्होंने अपनी प्रतिभा और लेखनी से ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पंकज शर्मा की स्मृति को स्थायी रूप देना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान भी है।

रायपुर की पत्रकारिता को दिलाई राष्ट्रीय पहचान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने अपनी प्रतिभा और लेखनी के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में पंकज शर्मा ने जिस ऊंचाई को हासिल किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी स्मृति में प्रतिमा का अनावरण नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

विधायक सुनील सोनी और विधायक मोतीलाल साहू ने भी स्वर्गीय पंकज शर्मा को याद करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने पंकज शर्मा की पत्रकारिता शैली, उनके लेखन और उस दौर की पत्रकारिता में उनके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला।

संस्थानों और सम्मान को पंकज शर्मा के नाम से जोड़ने का प्रस्ताव

विधायक अनुज शर्मा ने स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को व्यापक और स्थायी स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने पंकज उद्यान का नाम विस्तारित कर “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा” के नाम पर करने तथा युवा पत्रकारों के लिए राज्य अलंकरण की शुरुआत स्वर्गीय पंकज शर्मा के नाम से किए जाने का सुझाव दिया।

उन्होंने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख बिल्डिंग का नाम भी “पंकज शर्मा” के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव रखा। मंच पर मौजूद सभी अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया और पंकज शर्मा की स्मृति को संस्थागत रूप से संरक्षित करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

नई पीढ़ी के लिए पत्रकारिता मूल्यों की विरासत

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने अपने अल्प जीवनकाल में पत्रकारिता के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा दी और देश-विदेश में अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारतीय पत्रकारिता का गौरव बढ़ाया।

पंकज शर्मा की स्मृति में आयोजित यह समारोह महज प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों और परंपरा को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने का संकल्प भी बना। कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

सम्बन्धित खबरें