विशेष ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले इभानन साहू की राज्यपाल ने की सराहना

  • Admin
  • Oct 14, 2026
  • 6,863 views

राज्यपाल रमेन डेका ने दी बधाई, प्रोत्साहन राशि देने की पहल; आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट को स्वेच्छानुदान से 10 कंप्यूटर देने की घोषणा

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026। 

राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष ओलंपिक की बॉलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले इभानन साहू की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने आज लोकभवन में इभानन से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की पहल भी की।

22 वर्षीय इभानन साहू ऑटिज्म से प्रभावित हैं और रायपुर स्थित आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट के छात्र हैं। उन्होंने हांगकांग में आयोजित स्पेशल ओलंपिक ईस्ट एशिया रीजनल बॉलिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इभानन की सफलता अदम्य इच्छाशक्ति और मेहनत का उदाहरण

राज्यपाल रमेन डेका ने इभानन की उपलब्धि को अदम्य इच्छाशक्ति और कठोर परिश्रम का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इभानन की सफलता छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

राज्यपाल ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए आकांक्षा लायंस इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग एंड एम्पावरमेंट, रायपुर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। संस्था के शैक्षणिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने अपने स्वेच्छानुदान मद से 10 कंप्यूटर प्रदान करने की बात कही।

संस्था के प्रतिनिधि और परिजन रहे उपस्थित

इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन धबलिया, निदेशक डॉ. साधना नायक, प्राचार्य प्रतिष्ठा शुक्ला, एच.एफ.ओ. नित्यानंद जैसवाल, इभानन की माता तेजश्री साहू सहित संस्था के शिक्षक उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें