ग्राम लोहझरी में विकास कार्यों के लिए 20.20 लाख रुपये की सौगात

  • Admin
  • Oct 17, 2026
  • 5,678 views

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की हर महीने होगी समीक्षा

कबीरधाम, 17 अक्टूबर 2026।

 उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम लोहझरी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख 20 हजार रुपये देने की घोषणा की। गांव पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगें और समस्याएं सुनीं तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की।

ग्राम लोहझरी पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री ने महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित पहल करते हुए उन्होंने गांव में सड़क निर्माण और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के लिए मंच निर्माण की घोषणाएं कीं।

चार सीसी रोड और मंदिरों में बनेंगे मंच

गांव में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए चार सीसी रोड के निर्माण पर 10 लाख 40 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर के पास रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये प्रत्येक की घोषणा की गई। वहीं, महामाया मंदिर में दो मंचों के निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।

इन विकास कार्यों से गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निर्माण कार्यों की हर महीने होगी समीक्षा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा जरूरी है। उन्होंने जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, ठेकेदार और अन्य जनप्रतिनिधियों को हर महीने एक साथ बैठकर निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करने की बात कही।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी और निगरानी से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उन्हें टिकाऊ बनाने में मदद मिलेगी।

कवर्धा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य जारी

विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें भोरमदेव कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज और रायपुर-बिलासपुर मार्ग का चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित टीमें हर महीने के पहले सप्ताह में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करती हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद भी जताई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें