नवरात्रि में गांव-गांव पहुंचे विजय शर्मा, देवी पंडालों में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

  • Admin
  • Oct 17, 2026
  • 6,374 views

मढ़मढ़ा में सड़क और सामुदायिक भवनों के लिए लाखों की घोषणाएं, नेवरीगुड़ा में धार्मिक झांकियों के किए दर्शन

कबीरधाम, 17 अक्टूबर 2026।

नवरात्रि के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। ग्राम मढ़मढ़ा में उन्होंने मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए पहल की। इस दौरान देवी पंडाल जनसमस्या निवारण के केंद्र के रूप में नजर आए।

मढ़मढ़ा में विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और पंडाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये तथा पटेल समाज भवन में किचन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा वीबी जीरामजी के अंतर्गत मुक्तिधाम में शेड निर्माण कराने की घोषणा की गई।

ग्राम के वार्ड क्रमांक 9 में 6 लाख 50 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की भी घोषणा की गई। गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्यों को मंजूरी देने की घोषणा की गई।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ग्राम मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने दुर्गा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।

नेवरीगुड़ा में 36 देवी-देवताओं और 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकियां

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचकर नवरात्रि पर स्थापित प्रसिद्ध मां दुर्गा पंडाल में दर्शन किए। यहां छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। इसके साथ ही अयोध्या के भगवान श्रीराम और भगवान जगन्नाथ की झांकियां भी स्थापित की गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने इन झांकियों का अवलोकन किया और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।

ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम दुल्लापुर में 2 लाख 60 हजार रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा की गई। शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की भी घोषणा की गई। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली।

सूरजपुरा के मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना

ग्रामीण प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक आयोजनों के साथ जनसंपर्क पर जोर

उप मुख्यमंत्री के ग्रामीण प्रवास में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क और स्थानीय समस्याओं की सुनवाई को प्राथमिकता दी गई। विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी जरूरतों को समझा गया। सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम में शेड, बोर स्थापना और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी घोषणाएं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहीं।

सम्बन्धित खबरें