भलपहरी और अचानकपुर को ₹48.30 लाख के विकास कार्यों की सौगात, विजय शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

  • Admin
  • Oct 19, 2026
  • 2,618 views

अटल डिजिटल सेवा केंद्र और प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण, सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य निर्माण कार्यों की घोषणा

कबीरधाम, 19 अक्टूबर 2026। 

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा कर ग्रामीणों को कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी मांगें एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम भलपहरी में उन्होंने अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया।

भलपहरी और अचानकपुर में होंगे विभिन्न विकास कार्य

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड निर्माण के लिए 4 लाख रुपये और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपये की घोषणा की।

इसी तरह ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर की ओर सीसी रोड के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, मैदान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये और गोठान समतलीकरण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

इन कार्यों से गांवों में सड़क संपर्क, सामुदायिक गतिविधियों और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलने की उम्मीद है।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

ग्राम भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि इससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

केंद्र के माध्यम से ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और ग्रामीणों के समय एवं आवागमन खर्च की बचत होगी।

गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से बैगा बहुल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीणों के जीवन को सुविधाजनक बनाना सरकार का उद्देश्य है। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी पर कार्रवाई

विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संबंध में कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और शासकीय राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

भोरमदेव शक्कर कारखाने को सर्वाधिक रिकवरी का गौरव

उप मुख्यमंत्री ने किसानों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भोरमदेव शक्कर कारखाने को पूरे देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी वाले कारखाने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसे किसानों की मेहनत का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

सम्बन्धित खबरें