मड़मड़ा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 47.15 लाख के गौरव पथ का भूमिपूजन

  • Admin
  • Oct 18, 2026
  • 2,481 views

आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण, मड़मड़ा व कबरटोला में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण की घोषणाएं

कबीरधाम, 18 अक्टूबर 2026। 

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा कर ग्रामीणों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। मड़मड़ा में उन्होंने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने दोनों गांवों में ग्रामीणों की मांग पर सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा

ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ विजय शर्मा की उपस्थिति में स्थानीय महिलाओं ने रिबन काटकर किया। नए भवन से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और आंगनबाड़ी की अन्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में ही मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

मड़मड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होंगी। महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकालने के साथ ही राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा।

इस सुविधा से ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी।

मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग निर्माण की घोषणा

ग्रामीणों की मांग पर विजय शर्मा ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपये और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।

कबरटोला में देवी दर्शन के बाद नवधा रामायण में हुए शामिल

उप मुख्यमंत्री कबरटोला में आयोजित दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवी दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में रामायण पाठ का श्रवण किया और ग्रामीणों के साथ रामधुन के भक्तिमय वातावरण में सहभागी बने।

रामायण पाठ के पश्चात उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं, मांगें तथा शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, सामुदायिक भवन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मांगें रखीं। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कबरटोला में 20.20 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

कबरटोला में उप मुख्यमंत्री ने कुल 20.20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण शामिल है।

इन विकास कार्यों से गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को आवागमन सहित सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

सम्बन्धित खबरें