बैगा बाहुल्य क्षेत्र को 1.48 करोड़ की सौगात,, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन

 

कबीरधाम के बैगा बाहुल्य क्षेत्र को 1.48 करोड़ की सौगात, तीन प्रमुख मार्गों के निर्माण का हुआ भूमिपूजन

कबीरधाम 14 सितंबर 2026। वनांचल के गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले तीन सड़क मार्गों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन मार्गों की कुल लंबाई 15.40 किलोमीटर होगी। सड़कों के निर्माण से बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

भूमिपूजन के तहत मुड़घुसरी-ठाकुरटोला मार्ग 3.30 किलोमीटर, ठाकुरटोला-बांटीपथरा मार्ग 4 किलोमीटर और सिंघारी-पांडातराई मार्ग 8.40 किलोमीटर लंबाई में बनाया जाएगा। इन सड़कों के बेहतर होने से वनांचल के दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी और विकास कार्यों के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

बेहतर सड़कें खोलेंगी विकास के नए रास्ते

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों का विकास शासन की प्राथमिकता है। सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन आसान नहीं बनातीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिए भी नए अवसर पैदा करती हैं।

नई और बेहतर सड़क सुविधा से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने और किसानों व ग्रामीणों को बाजार तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।

ग्रामीणों से संवाद कर जानी समस्याएं

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।

उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है। शासन विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सुविधाओं का विस्तार कर रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें