वन विकास निगम ने वन विहार के छह भालुओं को लिया गोद, शेष नौ का भी करेगा अंगीकरण

  • Admin
  • Nov 19, 2026
  • 3 views

भोपाल, 19 नवंबर 2026।

मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम ने वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के छह भालुओं को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने गुरुवार को वन्यप्राणी अंगीकरण योजना के अंतर्गत छह लाख रुपये की राशि का चेक प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक समीता राजोरा तथा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के संचालक विजय कुमार को सौंपा।

वन विहार के सभी 15 भालुओं के अंगीकरण की पहल

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने वन विहार के शेष नौ भालुओं को भी गोद लेने की घोषणा की। इससे उद्यान में मौजूद सभी 15 भालुओं के अंगीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

निगम की सीएसआर निधि से की गई इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण और संवर्धन के साथ उनकी बेहतर देखभाल, आहार तथा स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग देना है।

कार्यक्रम में वन विकास निगम के प्रबंध संचालक मनोज कुमार अग्रवाल, अपर प्रबंध संचालक पी.जी. फुलझेले, वन विहार के संचालक विजय कुमार, सहायक वन संरक्षक यू.के. पाण्डे और तरुण कौरव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक सुनील कुमार सिन्हा ने किया।

पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध निगम

निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत ने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जैव विविधता की रक्षा के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित करना भी इन प्रयासों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

वहीं, निगम के प्रबंध संचालक मनोज कुमार अग्रवाल ने भालुओं के लिए अलग से संरक्षित क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक समीता राजोरा ने भालुओं के अंगीकरण के लिए निगम अध्यक्ष रामनिवास रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने निगम के वन क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा वन्यजीव संरक्षण के लिए दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई।

2009 में शुरू हुई थी वन्यप्राणी अंगीकरण योजना

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्यप्राणी अंगीकरण योजना की शुरुआत 1 जनवरी 2009 को हुई थी। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत, संस्थागत, कॉर्पोरेट, सार्वजनिक उपक्रमों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनसहभागिता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देना है। इस योजना के अंतर्गत अब तक कुल 115 वन्यप्राणियों को गोद लिया जा चुका है।

योजना के तहत कोई भी व्यक्ति या संस्था वन विहार में उपलब्ध सूची के अनुसार किसी वन्यप्राणी को मासिक, त्रैमासिक, अर्धवार्षिक अथवा वार्षिक आधार पर गोद ले सकती है। इसके लिए निर्धारित राशि मध्यप्रदेश टाइगर फाउंडेशन सोसायटी के नाम चेक या बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा कर आवेदन करना होता है।

अंगीकरण के लिए दी गई राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80जी (5) के प्रावधानों के अनुसार छूट का लाभ भी मिलता है। गोद लेने वाले व्यक्ति या संस्था के नाम की पट्टिका संबंधित वन्यप्राणी के बाड़े के सामने तथा वन विहार के दोनों प्रवेश द्वारों पर प्रदर्शित की जाती है।

सम्बन्धित खबरें