उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा 1 लाख रुपए का सम्मान, 30 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन

  • Admin
  • Sep 24, 2026
  • 9,441 views

 महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव और गुण्डाधूर सम्मान के लिए खेल विभाग ने आमंत्रित की अनुशंसाएं

रायपुर, 24 सितम्बर 2026। 

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान एवं गुण्डाधूर सम्मान के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। पात्र और इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में 30 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन केवल खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in/cgsports/ के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। निर्धारित प्रारूप और नियमों से संबंधित जानकारी खेल विभाग के जिला स्तरीय कार्यालयों से भी प्राप्त की जा सकती है।

तीरंदाजी के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान

महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान विशेष रूप से तीरंदाजी खेल के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किया जाएगा। इसके लिए वे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में तीरंदाजी की राष्ट्रीय चैंपियनशिप (सीनियर वर्ग) अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो अथवा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।

सम्मान के तहत चयनित खिलाड़ी को 1 लाख रुपए नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिए पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर सम्मिलित रूप से विचार किया जाएगा।

उत्कृष्ट खिलाड़ी या दल को मिलेगा गुण्डाधूर सम्मान

इसी तरह गुण्डाधूर सम्मान राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी या एक दल को प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के लिए वे खिलाड़ी या दल पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में ऐसे खेलों में, जिन्हें भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण के लिए विचार क्षेत्र में लिया जाता है, सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त किया हो।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी इस सम्मान के लिए पात्र होंगे। गुण्डाधूर सम्मान के अंतर्गत भी 1 लाख रुपए नगद, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

30 सितम्बर तक आवेदन का अवसर

राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए दोनों सम्मान उनकी खेल उपलब्धियों को सम्मानित करने का अवसर हैं। पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर 30 सितम्बर 2026 तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन अपलोड करना होगा। वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।

सम्बन्धित खबरें