रामायण फिल्म पर विवाद: सेंसर प्रमाण पत्र रद्द कर प्रदर्शन रोकने की विहिप ने उठाई मांग

  • Admin
  • Nov 21, 2026
  • 5,463 views

विश्व हिन्दू परिषद ने फिल्म में रामायण के प्रसंगों और पात्रों के चित्रण पर जताई आपत्ति

केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा बोले- फिल्म में धार्मिक मान्यताओं और करोड़ों हिन्दुओं की आस्था को पहुंची ठेस

नई दिल्ली, 21 नवंबर 2026। 

रामायण पर आधारित फिल्म में कथानक, प्रसंगों और प्रमुख पात्रों के चित्रण को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने आपत्ति जताई है। परिषद ने आरोप लगाया है कि फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित रामायण की कथा के कई तथ्यों को विकृत किया गया है, मनगढ़ंत घटनाएं जोड़ी गई हैं और महत्वपूर्ण चरित्रों को स्थान नहीं दिया गया है। विहिप ने फिल्म को जारी सेंसर प्रमाण पत्र निरस्त करने और इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने कहा कि फिल्म के माध्यम से एक अरब से अधिक हिन्दू रामभक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ करते हुए राजनीतिक विमर्श स्थापित करने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, फिल्म में प्रभु श्रीराम और उनके परिवार के चरित्रों को हल्के ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जबकि रावण का महिमामंडन करने की कोशिश की गई है।

रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को लेकर जताई आपत्ति

बागड़ा ने कहा कि अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान श्रीराम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं, लेकिन फिल्म में इनका उल्लेख तक नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऋषि-मुनियों की साधना, यज्ञ और गुरुकुल में बाधा डालने वाले राक्षसों के उन्मूलन के लिए भगवान राम द्वारा किए गए अभियान को पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध से जुड़ा व्यक्तिगत संघर्ष दिखाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म में रावण को शोषितों के उद्धारक के रूप में प्रस्तुत कर एक राजनीतिक विमर्श गढ़ने की कोशिश की गई है।

रावण के चित्रण पर भी उठाए सवाल

विहिप महामंत्री ने कहा कि ज्ञान, भक्ति और शक्ति की पराकाष्ठा तक पहुंचने के बावजूद अहंकार के कारण सृष्टि के प्राणियों को आतंकित और उत्पीड़ित करने वाला रावण दुराचारी था। उनके अनुसार, रामकथा की विभिन्न परंपराओं में रावण के इस चरित्र का वर्णन मिलता है। उन्होंने कहा कि युगों से स्थापित रामकथा और प्रभु श्रीराम के प्रति करोड़ों हिन्दुओं की श्रद्धा है। विहिप का आरोप है कि राजनीतिक दृष्टिकोण से प्रेरित फिल्म ने इस आस्था को ठेस पहुंचाई है और हिन्दू समाज की भावनाएं आहत की हैं।

बागड़ा ने कहा कि रामकथा व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में मर्यादाओं की स्थापना करती है। ऐसे में इसके प्रसंगों के साथ छेड़छाड़ समाज में स्थापित नैतिक मूल्यों की नींव को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले प्रयासों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सेंसर प्रमाण पत्र निरस्त करने की मांग

विश्व हिन्दू परिषद ने मांग की है कि फिल्म को दिया गया सेंसर प्रमाण पत्र निरस्त किया जाए और इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए। परिषद का कहना है कि रामायण जैसे आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े महाकाव्य के चित्रण में उसके मूल प्रसंगों और चरित्रों की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

सम्बन्धित खबरें