गायत्री परिवार की जन्मशताब्दी पर गूंजा सनातन संस्कृति और सेवा का संदेश, माता भगवती देवी शर्मा पर जारी हुआ स्मारक डाक टिकट

  • Admin
  • Nov 21, 2026
  • 6,984 views

डॉ. मोहन भागवत बोले- शताब्दी तक अनुशासनपूर्वक संगठन चलाना बड़ी साधना, डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने 2026 को दिव्य ज्योति के अवतरण का वर्ष बताया

40 देशों से पहुंचे गायत्री परिजन, शांतिकुंज में सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर सरसंघचालक ने की लोकमंगल की प्रार्थना

हरिद्वार, 21 नवंबर 2026। 

अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच तीन कलशों के प्रवेश के साथ हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण का संदेश देते हुए समारोह स्थल पहुंचे। यहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन भी किया गया। विमोचन समारोह की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की।

सौ वर्ष तक संगठन चलाना बड़ी साधना: डॉ. मोहन भागवत

प्रातःकालीन सत्र के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष पूरे करना आसान नहीं होता और उसे अनुशासनपूर्वक आगे बढ़ाना उससे भी बड़ी चुनौती है। ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान स्वयं सामने नहीं आते, बल्कि योग्य व्यक्तियों और संगठनों को उसका श्रेय और उत्तरदायित्व प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और इनके समाधान के लिए दुनिया की निगाहें भारत की ओर हैं। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मानवता को दिशा देने की क्षमता निहित है।

डॉ. भागवत ने कहा कि किसी संगठन की सौ वर्षों की यात्रा में उपेक्षा और अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन निरंतर सेवा और समर्पण से समाज का समर्थन, विश्वास और मान्यता भी प्राप्त होती है। उन्होंने संघ और गायत्री परिवार के कार्यों को ईश्वरीय उद्देश्य से जुड़ा बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यों का निरंतर विस्तार और सफल होना उनकी स्वाभाविक नियति है।

कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने हनुमान जी को पूरी दुनिया के सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हनुमान जी ने स्वयं को रामकार्य में समर्पित किया, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता को सनातन संस्कृति और समाज निर्माण के कार्यों को समर्पण भाव से आगे बढ़ाना चाहिए।

2026 दिव्य ज्योति के अवतरण का वर्ष बनेगा: डॉ. चिन्मय पण्ड्या

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन सौभाग्य के उदय का ऐतिहासिक अवसर लेकर आया है। महर्षि अरविन्द के कथन का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 इतिहास के पन्नों में दिव्य ज्योति के अवतरण के वर्ष के रूप में जाना जाएगा।

परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व और कर्तृत्व को याद करते हुए उन्होंने कहा कि माताजी का संपूर्ण जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जिस विराट संकल्प और संगठन शक्ति के साथ अश्वमेध महायज्ञों का संचालन किया, वह अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है।

इससे पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक आत्मा उसके भवन, संसाधनों अथवा विस्तार में नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले व्यक्तियों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन-मूल्यों में निहित होती है। समारोह में श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद और सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अन्य संतों ने भी आशीर्वचन दिए।

अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में भारत सहित 40 देशों से आए गायत्री परिजन और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में स्मारक डाक टिकट जारी

जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, सेवा और मातृत्व से ओतप्रोत जीवन की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया। इसके माध्यम से समाज में जनचेतना जगाने और युग निर्माण अभियान को नई दिशा देने वाले उनके विराट व्यक्तित्व को नमन किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, करुणा और मातृत्व का स्मरण करते हुए उनके जीवन को नारी जागरण, सेवा और सामाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बताया। जन्मशताब्दी वर्ष में जारी यह डाक टिकट उनके विचारों, जीवन-मूल्यों और समाज निर्माण में योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रतीक बनेगा।

डॉ. मोहन भागवत ने शैलदीदी से की आत्मीय भेंट

शांतिकुंज प्रवास के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों के साथ समाज निर्माण तथा सांस्कृतिक चेतना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

डॉ. भागवत ने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व बंधुत्व और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं पर भावांजलि अर्पित कर नमन किया।

श्रद्धेया शैलदीदी ने डॉ. भागवत का मंगल तिलक लगाकर स्वागत किया। उन्होंने उन्हें गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र, युग साहित्य और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

किया।

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।