वायरल वीडियो पर सीएम साय का एक्शन, अंबिकापुर की सड़क तुरंत सुधारने के निर्देश

 

कलेक्टर से फोन पर ली सड़क की स्थिति की जानकारी, सभी जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी के निर्देश

रायपुर, 14 सितंबर 2026। बारिश के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा की और सड़क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, आवश्यक समतलीकरण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

सभी कलेक्टरों को सड़कों की निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की नियमित निगरानी करें। आवश्यकता होने पर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।

उन्होंने बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव अथवा अन्य कारणों से आवागमन प्रभावित होने या दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा गया है। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मानसून में सड़कें चलने योग्य रखना जरूरी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्माणाधीन अथवा बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी सहित सभी जरूरी अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। स्थायी निर्माण में मौसम संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयां होने के बावजूद सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए हर जरूरी उपाय किया जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। कलेक्टर अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।

बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना तैयार कर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण नागरिकों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

सम्बन्धित खबरें