सीएम साय ने की विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से आत्मीय भेंट

राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 पर हुई चर्चा

 

रायपुर, 8 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 सहित प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से राजनांदगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नई संभावनाओं वाले उद्योगों के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

निवेश से युवाओं को रोजगार और प्रदेश को आर्थिक मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और निवेश के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाला निवेश स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बने।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

सम्बन्धित खबरें