गांधी जयंती पर एनआईबीएसएम में स्वच्छता पखवाड़े का समापन, सफाई मित्रों का हुआ सम्मान

  • Admin
  • Oct 02, 2026
  • 12,623 views

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चले अभियान में स्वच्छ परिसर और स्वच्छ पर्यावरण के लिए हुईं विभिन्न गतिविधियां

रायपुर, 2 अक्टूबर 2026।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान (एनआईबीएसएम), रायपुर में गांधी जयंती एवं स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के दौरान स्वच्छता, स्वच्छ परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों और सफाई अभियानों का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर संस्थान में कार्यरत सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय, संयुक्त निदेशकों एवं अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

संस्थान और आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए स्वच्छता अभियान

इस अवसर पर डॉ. एस. के. शर्मा ने स्वच्छता पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान संस्थान परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान, साफ-सफाई और जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

इन प्रयासों से संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा मिला।

“स्वच्छता स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला”

संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने कहा, “महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर हम दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। इसकी शुरुआत हमारे अपने घर और कार्यस्थल से होकर पूरे समाज और देश तक पहुंचनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इन्हें निरंतर जारी रखते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सफाई कर्मियों और सफाई मित्रों का सम्मान

समापन कार्यक्रम में संस्थान के सफाई कर्मियों एवं सफाई मित्रों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। निदेशक एवं संयुक्त निदेशकों ने सम्मान स्वरूप उन्हें उपहार भी भेंट किए।

कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने संस्थान को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वच्छता गतिविधियों को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस. के. शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. के. सी. शर्मा ने किया।

सम्बन्धित खबरें