राज्यपाल रमेन डेका से मिले छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गेड़ी लोक नर्तक अनिल कुमार गढ़ेवाल

  • Admin
  • Oct 12, 2026
  • 10,256 views

कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह और राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ कार्यक्रम में दे चुके हैं प्रस्तुति, राज्यपाल ने लोककला के संरक्षण के प्रयासों को सराहा

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026।

राज्यपाल रमेन डेका से आज लोकभवन में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गेड़ी लोक नर्तक एवं लोक श्रृंगार भारती, बिलासपुर के संचालक अनिल कुमार गढ़ेवाल ने अपने सहयोगी लक्ष्मी नारायण मांडले के साथ सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने गेड़ी लोकनृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की।

राष्ट्रीय मंचों पर छत्तीसगढ़ की लोककला का प्रदर्शन

अनिल कुमार गढ़ेवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गेड़ी लोकनृत्य दल ने 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी थी। इसके अलावा, 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में भी दल ने गेड़ी नृत्य का प्रदर्शन किया।

इन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजनों में गेड़ी लोकनृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को देशभर में प्रदर्शित किया तथा प्रदेश को गौरवान्वित किया।

लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा : राज्यपाल

राज्यपाल रमेन डेका ने अनिल कुमार गढ़ेवाल और उनकी टीम के प्रयासों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि लोकनृत्य हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राज्यपाल ने गढ़ेवाल एवं उनके सहयोगियों को लोककला के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने तथा भविष्य में भी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए शुभकामनाएं दीं।

सम्बन्धित खबरें