कागजों से डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ेगी छग विधानसभा, पेपरलेस कामकाज की तैयारी तेज

  • Admin
  • Nov 06, 2026
  • 2,894 views

 

राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) पर दो दिवसीय प्रशिक्षण पूरा

 प्रश्न, समिति और प्रशासनिक मॉड्यूल के संचालन का अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

 

रायपुर, 6 नवंबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के कामकाज को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और पेपरलेस बनाने की दिशा में राज्य ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। इसमें विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल विधायी प्रक्रियाओं के साथ विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल से सदन की कार्यवाही, विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान को अधिक सुगम, त्वरित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
प्रश्न और समिति मॉड्यूल का दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नेवा एप्लीकेशन की तकनीकी और व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के नेवा समन्वयक अमन गौतम और श्रीधर स्वामी ने विभिन्न तकनीकी मॉड्यूल की जानकारी दी। उन्होंने एडमिन, प्रश्न और समिति मॉड्यूल के उपयोग एवं संचालन का प्रशिक्षण दिया।
एक ही डिजिटल मंच पर होंगी विधायी प्रक्रियाएं
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विधानसभा के प्रश्न और सूचनाएं डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों का ऑनलाइन प्रबंधन एवं सुरक्षित रख-रखाव करने तथा सदन की कार्यवाही से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही विभिन्न संसदीय और विधायी गतिविधियों को एक ही डिजिटल मंच पर संचालित करने की तकनीकी जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि नेवा के उपयोग से विधायी कार्यों की प्रक्रिया सरल और तेज होगी। इससे कार्य निष्पादन में दक्षता बढ़ने के साथ प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
चिप्स और एनआईसी के अधिकारियों ने भी लिया हिस्सा
प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के साथ छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की सभी विधानसभाओं को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जोड़कर उनकी कार्यप्रणाली को डिजिटल, पारदर्शी और कागजरहित बनाना है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेवा के प्रभावी क्रियान्वयन से विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन और सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी। साथ ही समय और कागजी संसाधनों की बचत होगी तथा विधानसभा की कार्यक्षमता और प्रशासनिक दक्षता को नई मजबूती मिलेगी।

सम्बन्धित खबरें