चुनौतियों का सामना अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से जुड़कर ही किया जा सकता है – सुनील आंबेकर जी

  • Admin
  • Sep 20, 2026
  • 6,563 views

मुजफ्फरपुर, 19 सितम्बर 2026।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तरुणोदय युवा संवाद कार्यक्रम रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर के सभागार में आयोजित किया गया। संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर जी, मुजफ्फरपुर विभाग संघचालक चंद्रमोहन खन्ना जी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

सुनील आंबेकर जी ने संघ की सौ वर्ष की यात्रा का वृत्तांत बताया। उन्होंने कहा कि भारत के युवा ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें सकारात्मक सोच, दृढ़ आत्मविश्वास और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस बात पर विशेष बल दिया कि बदलते हुए भौतिकवादी और आधुनिक युग में नई पीढ़ी के सामने डिजिटल और सामाजिक स्तर पर कई चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का सामना केवल अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से जुड़कर ही किया जा सकता है।

व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक मर्यादाओं पर पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण हमारी व्यक्तिगत स्वतंत्रता में बाधा नहीं बनता, बल्कि यह समाज में हर नागरिक की स्वतंत्रता को सुरक्षित और सुनिश्चित करता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल अपने निजी करियर तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और समग्र राष्ट्र के विकास में अपनी ऊर्जा का निवेश करें।

कार्यक्रम के दौरान संघ साहित्य पर एक प्रदर्शनी सह बिक्री केंद्र भी लगाया गया था। मुजफ्फरपुर महानगर प्रचार प्रमुख अजय कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में लोगों ने काफी रुचि दिखाई और संघ साहित्य का क्रय किया।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।