मुजफ्फरपुर में विजयादशमी पर RSS का पथ संचलन, सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल ने सामाजिक एकजुटता पर दिया जोर

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 1,272 views

नशामुक्ति अभियान, परिवारों को मजबूत बनाने और सामाजिक कुरीतियां दूर करने की अपील; उपभोक्तावाद और पर्यावरण संकट को बताया बड़ी चुनौती

मुजफ्फरपुर, 16 अक्टूबर 2026।

विजयादशमी के अवसर पर शुक्रवार को मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से पथ संचलन आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। उत्सव के दौरान संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए जनसंख्या असंतुलन, नशे की समस्या, परिवारों में बढ़ती दूरियों, उपभोक्तावाद और पर्यावरण संकट जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास और समाज में एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया।

नशे के खिलाफ समाज से अभियान चलाने की अपील

डॉ. कृष्ण गोपाल ने देश में जनसंख्या के बदलते अनुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में हिंदू आबादी 90 प्रतिशत थी, लेकिन अब इसमें गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को इस विषय पर विचार करना चाहिए।

नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। उनके अनुसार, केवल पंजाब में ही 30 लाख युवा नशे की समस्या से प्रभावित हैं। उन्होंने समाज से नशे के खिलाफ अभियान चलाने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें इससे बाहर निकालने की जिम्मेदारी सभी की है।

परिवार को मजबूत बनाने पर दिया जोर

सह सरकार्यवाह ने कहा कि सहनशीलता में कमी के कारण युवाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने परिवारों को मजबूत बनाने के लिए कुटुंब प्रबोधन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि परिवार को बिखरने से बचाने की जिम्मेदारी माता-पिता, बेटे-बेटी सहित परिवार के सभी सदस्यों की है।

उन्होंने परिवार में साथ रहने, मिलकर विचार करने और आपसी संवाद की परंपरा को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही गीता, रामायण, रामचरितमानस और अन्य धार्मिक ग्रंथों का नियमित पाठ करने पर भी जोर दिया।

उपभोक्तावाद और पर्यावरण संकट बड़ी चुनौतियां

डॉ. कृष्ण गोपाल ने उपभोक्तावाद और पर्यावरण संकट को विश्व की दो बड़ी समस्याएं बताया। उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनियां आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक सामान खरीदने के लिए प्रेरित करती हैं। इसके प्रभाव में लोग अनावश्यक खरीदारी करते हैं और बाद में आर्थिक परेशानियों का सामना करते हैं।

संघ का उद्देश्य लोगों को एकजुट कर समस्याओं का समाधान करना

संघ के संगठनात्मक विस्तार का उल्लेख करते हुए डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि देश में 90 हजार से अधिक शाखाएं हैं और 40 हजार से अधिक गांवों में नियमित रूप से शाखाएं लगती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को इस स्वरूप तक पहुंचाने में स्वयंसेवकों का योगदान रहा है।

उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के उद्देश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को अधिक वैभवशाली बनाने के लिए लोगों को एकजुट करना आवश्यक है। समाज के लोगों को समस्याओं पर मिलकर विचार करना चाहिए, निर्णय लेना चाहिए और समाधान को लागू करने के लिए सामूहिक रूप से काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब सज्जन लोग एक साथ बैठकर समस्याओं पर विचार नहीं करते और निर्णय नहीं लेते, तब गलत प्रवृत्तियों को प्रभाव बढ़ाने का अवसर मिलता है। ऐसी प्रवृत्तियों का मुकाबला सज्जन लोगों की एकजुटता से किया जा सकता है।

पुष्पवर्षा कर किया पथ संचलन का स्वागत

कार्यक्रम से पहले स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में शहर के विभिन्न मार्गों से पथ संचलन किया। मुजफ्फरपुर क्लब से शुरू हुआ संचलन शहर के अलग-अलग मार्गों से गुजरते हुए वापस क्लब परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

मुजफ्फरपुर पहुंचने पर डॉ. कृष्ण गोपाल ने साधु-संतों, मठ-मंदिरों के पुजारियों और कथावाचकों के साथ भी बैठक की। इसमें हिंदू समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए समन्वय के साथ काम करने, सामाजिक कमजोरियों पर विचार करने और धार्मिक कथाओं के माध्यम से समाज में एकजुटता का संदेश देने का आग्रह किया गया।

सम्बन्धित खबरें