बोड़ला में 60 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 40 लाख के अतिरिक्त कार्यों की घोषणा

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 1,547 views

कॉलेज में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट और एआई सुविधाओं के विस्तार की पहल; विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन कोचिंग की भी तैयारी

कवर्धा, 13 अक्टूबर 2026। 

कबीरधाम जिले के बोड़ला में प्रशासनिक सुविधाओं और उच्च शिक्षा की अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 60 लाख रुपये के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें एसडीएम कार्यालय बोड़ला में 30 लाख रुपये की लागत से सभा कक्ष सह सामुदायिक शौचालय तथा शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 30 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने 40 लाख रुपये के अन्य विकास कार्यों की भी घोषणा की।

घोषित कार्यों में महाविद्यालय में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, बालिका शौचालय निर्माण के लिए 4.60 लाख रुपये, ग्राम भीरा में मंगल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10.40 लाख रुपये शामिल हैं। इसके साथ ही महाविद्यालय में स्मार्ट बोर्ड, इंटरनेट सुविधा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करें : विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और नवाचार के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान बढ़ाने, क्षमताओं का विकास करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने में करना चाहिए। विद्यार्थी तकनीक के स्वामी बनें, तकनीक उनकी स्वामी न बने।

उन्होंने कहा कि ChatGPT, Gemini, Grok और Perplexity जैसे एआई टूल्स का उपयोग पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, विद्यार्थियों को अपने संस्कारों और मूल्यों को भी बनाए रखना चाहिए।

विजय शर्मा ने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इनमें से 50 स्थानों पर स्मार्ट बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 35 स्थानों पर भी इन्हें लगाया जाएगा। छात्रावासों और महाविद्यालयों में भी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विज्ञान, गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की जटिल अवधारणाओं को वीडियो और डिजिटल सामग्री की मदद से सरलता से समझाया जा सकेगा।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की पहल

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों की काउंसलिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत एनडीए, सीजीपीएससी, यूपीएससी, कर्मचारी चयन आयोग और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के अनुरूप मार्गदर्शन मिल सकेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीक सीखने और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास एवं अभ्यास से सफलता हासिल की जा सकती है।

जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, नगर पंचायत बोड़ला अध्यक्ष विजय पाटिल, बरसाती लाल वर्मा, छोटूराम चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य ललिता रूपसिंग धुर्वे, कांशीराम उईके और सरपंच रेशमा बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें