राज्य सम्मान 2026 के लिए आवेदन शुरू, 13 क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

  • Admin
  • Sep 25, 2026
  • 140 views

5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेज सकेंगे प्रविष्टियां, राज्योत्सव के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित होंगी चयनित प्रतिभाएं

रायपुर, 25 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ की कला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाली प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए संस्कृति विभाग ने राज्य सम्मान 2026 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। विभिन्न कला, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए विभाग द्वारा स्थापित 12 राज्य स्तरीय सम्मान और 1 राष्ट्रीय सम्मान के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन मंगाए गए हैं। इच्छुक पात्र प्रतिभाएं 5 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से अपनी प्रविष्टियां भेज सकती हैं। चयनित प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘राज्योत्सव 2026’ के राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

आवेदन में देनी होगी उपलब्धियों की पूरी जानकारी

राज्य सम्मान के लिए आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों को निर्धारित प्रारूप में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं आयु के साथ प्रस्तावक का विवरण देना होगा। आवेदन में अपनी उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा भी प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ पूर्व में प्राप्त सम्मान एवं पुरस्कारों की जानकारी देना आवश्यक होगा। इसमें अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर पर प्राप्त सम्मान एवं पुरस्कारों का विवरण शामिल करना होगा।

शासकीय सेवा में कार्यरत आवेदकों के लिए सामान्य प्रशासन विभाग से अनुमति पत्र संलग्न करने का प्रावधान रखा गया है। सम्मान से संबंधित नियमावली और आवेदन का निर्धारित प्रारूप संस्कृति विभाग की वेबसाइट cgculture.in पर उपलब्ध है।

साहित्य से लेकर लोककला और शास्त्रीय संगीत तक सम्मान

वर्ष 2026 में संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान हिन्दी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक नाट्य एवं लोक शिल्प तथा चक्रधर सम्मान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।

इसी तरह देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार लोक नृत्य तथा लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के क्षेत्र में दिया जाएगा। हबीब तनवीर सम्मान समकालीन रंगकर्म के लिए प्रदान किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ी, हिन्दी एवं अन्य भाषाओं के नाटक शामिल हैं।

देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार पंथी नृत्य, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत और खुमान साव सम्मान छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के क्षेत्र में प्रदान किया जाएगा।

सिनेमा और पंडवानी के क्षेत्र में भी सम्मान

सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किशोर साहू सम्मान हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय एवं पटकथा निर्माण के लिए प्रदान किया जाएगा। वहीं किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान देश के बाहर रहकर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य अथवा आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अप्रवासी भारतीयों को प्रदान किया जाएगा। वहीं डॉ. तीजन बाई राज्य सम्मान पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा।

उपलब्धि, योगदान और दीर्घ साधना के आधार पर होगा चयन

संबंधित क्षेत्रों में प्रतिभाओं की उपलब्धि, योगदान एवं दीर्घ साधना को ध्यान में रखते हुए चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘राज्योत्सव 2026’ के राज्य अलंकरण समारोह में राज्य सम्मान से विभूषित किया जाएगा।

संस्कृति विभाग की यह पहल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, साहित्य, संगीत, नृत्य, रंगमंच और सिनेमा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान करेगी।

5 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से भेजें आवेदन

संस्कृति विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के पात्र कलाकारों, साहित्यकारों, सांस्कृतिक कर्मियों एवं अन्य प्रतिभाओं से निर्धारित प्रारूप में अपनी प्रविष्टियां 5 अक्टूबर 2026 तक पंजीकृत डाक से भेजने का आग्रह किया है। आवेदन आवश्यक दस्तावेजों और उपलब्धियों के विवरण के साथ निर्धारित समय-सीमा में भेजना होगा।

आवेदन का पता:
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा
द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-27,
नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़

सम्मान से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियमावली एवं आवेदन का निर्धारित प्रारूप संस्कृति विभाग की वेबसाइट cgculture.in पर उपलब्ध है।

सम्बन्धित खबरें