बढ़ते जलस्तर के बीच कांकेर में प्रशासन अलर्ट, नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश

  • Admin
  • Sep 25, 2026
  • 1,081 views

कलेक्टर ने दूध नदी, भंडारीपारा और मनकेशरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, 25 सितंबर 2026।
जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को कांकेर शहर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नदी किनारे बसे लोगों से सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी।

कलेक्टर ने सबसे पहले कांकेर शहर के दूध नदी के किनारे शांति नगर वार्ड स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के बढ़ते जलस्तर और आसपास की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नदी किनारे आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने, रेड फ्लैग लगाने तथा खतरे से संबंधित सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस, होमगार्ड, नगरपालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पार्षद से चर्चा कर क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली।

भंडारीपारा में नदी किनारे बसे लोगों से की चर्चा

कलेक्टर ने भंडारीपारा के महादेव वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे बसे लोगों से बातचीत कर बारिश और जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों के समीप नहीं जाने की समझाइश दी।

उन्होंने वार्डवासियों को निर्देशित किया कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। आवश्यकता पड़ने पर घर खाली कर पंचायत भवन जैसे सुरक्षित स्थानों में पहुंचने के लिए भी कहा गया।

मनकेशरी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी जायजा

कलेक्टर ने मनकेशरी के नदी किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी। साथ ही नदी किनारे अनधिकृत रूप से अतिक्रमण नहीं करने के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया।

उन्होंने संबंधित सरपंच और सचिव को नदी किनारे की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी में

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे और एसडीएम सरस्वती बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के साथ लोगों को संभावित खतरे से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर समय रहते पहुंचने और अनावश्यक रूप से जलस्रोतों के समीप नहीं जाने पर विशेष जोर दिया गया है।

सम्बन्धित खबरें