सेवा सेतु शिविर में सविता सरकार को मिली 20 हजार रुपये की सहायता

  • Admin
  • Oct 11, 2026
  • 2,607 views

मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत मिला लाभ, घर के जरूरी कामों में राशि का करेंगी उपयोग

उत्तर बस्तर कांकेर, 11 अक्टूबर 2026।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पी.व्ही. 107 निवासी सविता सरकार को मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम देव उसेंडी और कलेक्टर कुन्दन कुमार ने उन्हें सहायता राशि का चेक सौंपा।

सविता सरकार इस राशि का उपयोग अपने घर के जरूरी कामों को पूरा करने में करेंगी। शासन से मिली आर्थिक सहायता पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि उनके सपनों को पूरा करने में सहायक होगी।

वरिष्ठ श्रमिकों को आर्थिक संबल देने की योजना

मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना छत्तीसगढ़ के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता दी जाती है, जिससे उन्हें जीवन के इस पड़ाव पर आर्थिक संबल मिल सके।

सेवा सेतु शिविर से हितग्राहियों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

महला में आयोजित सेवा सेतु शिविर के माध्यम से सविता सरकार तक योजना का लाभ पहुंचाया गया। यह शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने की पहल का हिस्सा है।

सम्बन्धित खबरें