सूरजपुर में 8.48 करोड़ से बनेंगी 30.70 किलोमीटर सड़कें, ग्रामीणों-किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ.

  • Admin
  • Sep 28, 2026
  • 3,482 views

सूरजपुर, 28 सितम्बर 2026।


सूरजपुर जिले में सड़क संपर्क और ग्रामीण आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को बजट स्वीकृति मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से स्वीकृत इन दोनों सड़कों की कुल लंबाई 30.70 किलोमीटर है। इनके निर्माण के लिए लगभग 8 करोड़ 48 लाख 28 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है।

बजट के अनुसार, खर्रा से चिकनी भंडारपारा तक 17.50 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ 8 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं कुंजनगर से जमदेई पटेलपारा तक 13.20 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 39 लाख 30 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेहतर सड़कें गांवों के विकास की आधारशिला हैं। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे सूरजपुर जिले में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

दोनों सड़क निर्माण कार्य पूरे होने के बाद संबंधित गांवों का प्रमुख मार्गों से संपर्क और बेहतर होगा। इससे ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों का आवागमन अधिक सुगम होगा तथा दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानियां कम होंगी।

सम्बन्धित खबरें