छत्तीसगढ़ में 13.96 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

  • Admin
  • Sep 23, 2026
  • 4,804 views

छत्तीसगढ़ में लक्ष्य से आगे निकली लखपति दीदी पहल, 13.96 लाख ग्रामीण महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर

रायपुर, 23 सितंबर 2026।

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित लखपति महिला पहल ने निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। भारत सरकार ने वर्ष 2023-26 के लिए प्रदेश में 7.82 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले अब तक 13.96 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आत्मनिर्भर बनाया जा चुका है। यह निर्धारित लक्ष्य का 179 प्रतिशत है।

राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तीसरी बैठक में हुई प्रगति की समीक्षा

लखपति महिला पहल की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तृतीय बैठक मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित हुई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य के 27 विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन ने लखपति महिला पहल के तहत प्रदेश में संचालित गतिविधियों और अब तक हासिल प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

विभागों के समन्वय से बढ़ाई जाएगी महिलाओं की आय

बैठक में विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के माध्यम से स्व सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। महिलाओं को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों, स्वरोजगार और स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़कर उनकी वार्षिक आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के प्रयासों को और गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय के जरिए ग्रामीण महिलाओं के लिए उपलब्ध अवसरों का विस्तार करने और आजीविका गतिविधियों को अधिक टिकाऊ बनाने पर जोर दिया गया।

आर्थिक सशक्तीकरण पर केंद्रित है लखपति महिला पहल

लखपति महिला पहल का उद्देश्य ग्रामीण स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विविध आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में निरंतर वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत महिलाओं को आय के विभिन्न स्रोतों से जोड़ने के साथ उनकी आजीविका को स्थायी आधार देने पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक में इस दिशा में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष चर्चा हुई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अधिकारी-कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

13.96 लाख महिलाओं का लखपति दीदी की श्रेणी में पहुंचना प्रदेश में महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से चल रही आजीविका गतिविधियों के विस्तार और ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयासों की मौजूदा प्रगति को दर्शाता है।

सम्बन्धित खबरें