सरकारी सहायता से पूरी करेंगी नर्स बनने की राह, शिवानी को पढ़ाई के लिए मिले 45 हजार रुपये

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 18,990 views

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से मिली आर्थिक मदद, बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर स्वास्थ्य सेवाओं में देना चाहती हैं योगदान

सक्ती, 13 अक्टूबर 2026। 

आर्थिक सहयोग मिलने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। सक्ती जिले के डभरा विकासखंड के ग्राम किरारी की शिवानी साहू की कहानी इसकी मिसाल है। श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत शिवानी को उच्च शिक्षा के लिए 45 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। इससे उनके परिवार को पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद मिली और नर्स बनने के उनके सपने को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर बनना चाहती हैं नर्स

शिवानी साहू, टंकेश्वर साहू और गोमती साहू की बेटी हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपना करियर बनाने के उद्देश्य से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई चुनी है। वर्तमान में वे नर्सिंग की शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में योजना के तहत उन्हें 45 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रदान की गई। इस आर्थिक मदद से पढ़ाई से जुड़े खर्चों को पूरा करने में उनके परिवार को राहत मिली।

आर्थिक मदद से बढ़ा आत्मविश्वास

शिवानी का कहना है कि शासन से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया है। वे नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल नर्स बनना चाहती हैं। उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।

शिवानी ने सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना जैसी पहल श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने भविष्य के सपनों को साकार करने में आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है।

सम्बन्धित खबरें