गोबरा में 30 लाख रुपये से बना महतारी सदन, ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और स्वरोजगार का मंच

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 5,716 views

स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को मिलेगी गति, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर और आजीविका संबंधी कार्यक्रमों के संचालन में होगी सुविधा

सक्ती, 13 अक्टूबर 2026। 

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामुदायिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में सक्ती जिले के डभरा विकासखंड की ग्राम पंचायत गोबरा में महतारी सदन भवन का निर्माण पूरा हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस भवन का निर्माण 30 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और आजीविका संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए साझा मंच उपलब्ध कराएगा।

बैठक और प्रशिक्षण के लिए बनाई गई विशेष व्यवस्था

महतारी सदन में महिलाओं की बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 10×6 वर्ग मीटर का बड़ा हॉल बनाया गया है। इसके अतिरिक्त भवन में दुकान, स्वतंत्र कार्यालय, रसोईघर, स्टोर रूम और सामुदायिक शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस भवन का उपयोग विभिन्न सामुदायिक, प्रशिक्षण और आवासीय गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।

स्व-सहायता समूहों को मिलेगा लाभ

महतारी सदन में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के साथ कृषि सखी, बैंक सखी और स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। यहां स्वास्थ्य शिविर, पोषण संबंधी कार्यक्रम और आजीविका गतिविधियों से जुड़े आयोजन भी किए जा सकेंगे। महिलाएं इस केंद्र में अपनी कार्ययोजनाएं तैयार करने के साथ स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकेंगी।

महिला सशक्तीकरण को मिलेगा बढ़ावा

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी सदन योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। गोबरा में निर्मित यह भवन महिलाओं को अपनी क्षमताएं विकसित करने, रोजगार के नए अवसर तलाशने और गांव के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे ग्रामीण महिलाओं को सामूहिक रूप से कार्य करने और आजीविका के अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए एक सुविधाजनक स्थान मिलेगा।

सम्बन्धित खबरें