नौकरी तलाशने के बजाय शुरू किया फर्नीचर कारोबार, सरकारी मदद से आत्मनिर्भर बने लक्ष्मीनारायण

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 2,674 views

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिला 9.50 लाख रुपये का ऋण और 3.50 लाख रुपये का अनुदान, स्वरोजगार से परिवार को दे रहे आर्थिक संबल

सक्ती, 13 अक्टूबर 2026। 

नौकरी की तलाश करने के बजाय खुद का कारोबार शुरू करने का संकल्प सक्ती जिले के ग्राम सकरेलीकला निवासी 29 वर्षीय लक्ष्मीनारायण साहू के लिए सफलता की राह बन गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ लेकर उन्होंने फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित किया। आज अपने उद्यम के माध्यम से वे परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रहे हैं। उनकी यह पहल क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए स्वरोजगार की प्रेरणा बन रही है।

सरकारी सहायता से साकार हुआ खुद का कारोबार शुरू करने का सपना

स्नातक तक शिक्षा प्राप्त लक्ष्मीनारायण साहू, रूपलाल साहू के पुत्र हैं और अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए उन्हें आर्थिक संसाधनों की आवश्यकता थी। ऐसे में उद्योग विभाग के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम उनके लिए मददगार साबित हुआ।

योजना के तहत उनके फर्नीचर निर्माण व्यवसाय के लिए 9 लाख 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसके साथ ही शासन की ओर से 3 लाख 50 हजार रुपये का अनुदान भी मिला। इस वित्तीय सहायता से वे अपना फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित करने में सफल हुए।

मेहनत और लगन से बढ़ाया कारोबार

लक्ष्मीनारायण ने मेहनत, लगन और उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। उनका प्रयास दर्शाता है कि उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता मिलने पर युवा अपना उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इससे न केवल उन्हें अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर मिलता है, बल्कि स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

उद्यम स्थापित करने में मिली सहायता के लिए लक्ष्मीनारायण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी सफलता युवाओं को नौकरी की तलाश के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

सम्बन्धित खबरें