वाराणसी-वडनगर सेवा यात्रा का सारंगपुर में स्वागत, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने किया यात्रियों का सम्मान उड़नखेड़ी में सेवा यात्रियों का सम्मान, शिव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण; स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों से किया संवाद

  • Admin
  • Sep 28, 2026
  • 9,171 views

सारंगपुर | 28 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा यात्रा का सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने स्वागत किया। उन्होंने नागरिकों के साथ पचोर से सारंगपुर तक यात्रा में सहभागिता की।

सेवा, पर्यावरण और राष्ट्रसेवा का संदेश

वाराणसी से शुरू होकर वडनगर तक जा रही इस सेवा यात्रा में अलग-अलग समूह सहभागिता कर रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम, वाराणसी और हाटकेश्वर महादेव, वडनगर में जलाभिषेक करना है।

यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया जा रहा है।

‘सेवा को जीवन का संकल्प बनाएं’

राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के प्रेरणादायी वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि सेवा किसी एक अवसर या अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति प्रेरित करता है। जरूरतमंद लोगों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने जैसे कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है।

उड़नखेड़ी में सेवा यात्रियों का सम्मान और वृक्षारोपण

उड़नखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में सेवा यात्रियों ने वाराणसी से वडनगर तक की यात्रा के अनुभव साझा किए। इस अवसर पर यात्रियों का सम्मान किया गया। इसके बाद शिव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की।

महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद

राज्यमंत्री ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनके स्वरोजगार, समूह के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं ने भी आत्मनिर्भर बनने के अपने अनुभव साझा किए।

टेटवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ परिवार और समाज की निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को मजबूत करना भी है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ रही हैं और लखपति दीदियों की सफलता अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। स्थानीय संसाधनों और कौशल को रोजगार से जोड़ना सेवा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें